बरेली। सिपाही का रुपये के लेन-देन वाला ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ऑडियो एसएसपी अनुराग आर्य तक पहुंचा तो उन्होंने तत्काल एक्शन लेते हुए क्योलड़िया थाने में तैनात सिपाही मधुर को सस्पेंड कर दिया। सिपाही पर पुलिस कार्रवाई से बचाने के नाम पर रुपये लेने के आरोप हैं। अब जांच में वायरल ऑडियो से लेकर रुपयों के पूरे मामले का सच सामने आएगा।

वायरल ऑडियो में रुपये के लेन-देन को लेकर बातचीत होने की बात सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि बातचीत में तीन लाख रुपये का जिक्र है। इसके अलावा डेढ़ लाख रुपये को लेकर जहीर नाम के व्यक्ति का भी जिक्र होने की बात कही जा रही है। हालांकि ऑडियो की आवाज की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस से छुड़ाने के नाम पर साढ़े चार लाख का आरोप

मामले में आरोप है कि एक व्यक्ति को एसओजी ने पकड़कर इज्जतनगर थाने में दाखिल किया था। उसे पुलिस कार्रवाई से बचाने के नाम पर साढ़े चार लाख रुपये की बात तय हुई। इसी रकम को लेकर बातचीत का ऑडियो वायरल होने का दावा किया जा रहा है। राशिद नाम के व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि रुपये वापस मांगने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। अब पुलिस इस आरोप की भी जांच करेगी कि रकम का लेन-देन हुआ था या नहीं और इसमें कौन-कौन शामिल था।

एसएसपी ने ऑडियो वायरल होते ही लिया एक्शन

सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने क्योलड़िया थाने में तैनात सिपाही मधुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की जांच एएसपी/सीओ सिटी तृतीय शिवम आशुतोष को सौंपी गई है। अब जांच में ऑडियो की सच्चाई, आवाज और रुपये के लेन-देन की पूरी कहानी सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *