bareillyप्रतीकात्मक चित्र।

बरेली। पत्नी के पांच दिन पहले घर छोड़कर जाने के बाद रंजीत परेशान चल रहा था। शुक्रवार को रक्षाबंधन पर परिवार के लोग रिश्तेदारी में गए थे। इसी दौरान रंजीत ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने बेटे को फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

फरीदपुर के बीसलपुर रोड स्थित आनंद विहार कॉलोनी निवासी रामकुमार का 24 वर्षीय बेटा रंजीत परिवार के साथ रहता था। पुलिस के मुताबिक करीब पांच दिन पहले उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से रंजीत काफी परेशान था और ज्यादातर समय गुमसुम रहने लगा था।

त्योहार मनाने रिश्तेदारी में गया परिवार, घर पर थे पिता

शुक्रवार को रक्षाबंधन के चलते परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। घर पर रंजीत के पिता रामकुमार मौजूद थे। इसी दौरान रंजीत अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद पिता कमरे की ओर पहुंचे तो बेटे को फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस के साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम

सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कमरे की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर राधेश्याम के मुताबिक मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *