बरेली। बारावफात के दौरान पाबंदी के बावजूद आधी रात शहर की सड़कों पर तेज आवाज में धमक रहे भारी-भरकम मॉडिफाइड डीजे पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया। रात 12 बजे के बाद लगातार शिकायतें मिलने पर एसपी सिटी मानुष पारीक खुद पुलिस टीम के साथ सड़क पर उतर पड़े। किला और सीबीगंज क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए मेरठ, सहारनपुर और एनसीआर से लाए गए रावण, मुस्कान, बादशाह और प्रिंस समेत 11 बड़े डीजे वाहन सीज कर दिए गए। इन पर कुल 4.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
शिकायत पहुंची तो रात में ही निकले एसपी सिटी
बारावफात के दौरान निर्धारित समय के बाद डीजे बजाने पर रोक के बावजूद शहर के कुछ इलाकों में रात 12 बजे के बाद भी तेज आवाज गूंजती रही। लगातार शिकायतें पुलिस अधिकारियों तक पहुंचीं तो एसपी सिटी मानुष पारीक ने तत्काल मोर्चा संभाला। वह पुलिस टीमों के साथ किला और सीबीगंज क्षेत्र में निकल पड़े और नियम तोड़ रहे डीजे वाहनों को चिह्नित कर कार्रवाई शुरू करा दी।
मेरठ-सहारनपुर और NCR से बुलाए गए थे बड़े मॉडिफाइड DJ
कार्रवाई के दौरान ऐसे कई भारी-भरकम डीजे वाहन मिले, जिन्हें मालवाहक वाहनों की बॉडी में बड़े पैमाने पर बदलाव कर तैयार किया गया था। इनमें विशाल स्पीकर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए गए थे। पुलिस के मुताबिक इनमें कई डीजे मेरठ, सहारनपुर समेत एनसीआर के क्षेत्रों से बरेली लाए गए थे। पुलिस ने रावण, मुस्कान, बादशाह और प्रिंस समेत इन वाहनों को कार्रवाई की जद में लिया।
हादसे का खतरा देख कटवानी पड़ी बिजली
पुलिस कार्रवाई के दौरान हालात ऐसे बने कि सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बंद करानी पड़ी। भारी-भरकम और ऊंचाई तक मॉडिफाइड डीजे वाहनों के चलते बिजली के तारों से टकराने का खतरा था। पुलिस ने बिजली विभाग से समन्वय कर पहले खतरे को नियंत्रित किया और इसके बाद वाहनों को सुरक्षित तरीके से हटवाया।
सीबीगंज में सात, किला में चार DJ वाहन सीज
एसपी सिटी की निगरानी में चले अभियान में सीबीगंज क्षेत्र से सात और किला क्षेत्र से चार, कुल 11 डीजे वाहन सीज किए गए। वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई।
11 डीजे पर 4.40 लाख का जुर्माना
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि कार्रवाई में कुल 11 डीजे वाहन सीज किए गए हैं और उन पर 4.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नियमों की अनदेखी कर देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने और अनधिकृत रूप से वाहनों को मॉडिफाइड करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से डीजे संचालकों में खलबली मच गई। पुलिस का कहना है धार्मिक अथवा अन्य आयोजनों की आड़ में निर्धारित समय, ध्वनि और यातायात संबंधी नियमों की अनदेखी की अनुमति नहीं दी जाएगी।