बरेली। रक्षाबंधन से ठीक पहले मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने शहर में बड़ा अभियान चलाया। चार टीमों ने एक साथ कई नामी मिठाई दुकानों, होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। किप्स स्वीट्स, दीपक स्वीट्स, इंड्स अजन्ता और रेडिसन होटल समेत कई जगहों से मिठाई, पनीर, खोया और दूध से बने खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए। नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है।
रामपुर रोड स्थित किप्स स्वीट्स पर पहुंची टीम ने बर्फी और काजू कतली के नमूने लिए। रक्षाबंधन पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच टीम की कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई। इसके बाद टीम बड़ा बाजार स्थित दीपक स्वीट्स पहुंची, जहां से घेवर और सोनपापड़ी के नमूने लिए गए। वहीं डोहरा रोड स्थित इंड्स अजन्ता भी खाद्य सुरक्षा टीम की निगरानी में रहा। यहां निर्माणशाला से बेसन के लड्डू और घेवर के नमूने लिए गए। विभाग के मुताबिक शहर के इन बड़े प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल छह नमूने सीधे निर्माणशाला और वर्कशॉप से लिए गए हैं।
रेडिसन होटल में पहुंची टीम, पनीर का सैंपल
कार्रवाई की आंच बड़े होटल तक भी पहुंची। मुड़िया अहमद नगर स्थित रेडिसन होटल में टीम ने पनीर का नमूना भरा। वहीं रामगंगा चौकी पर बिक्री के लिए ले जाए जा रहे पनीर से लदे वाहन को रोककर भी पनीर का नमूना लिया गया। एफएसडीए की टीमें केवल शहर तक सीमित नहीं रहीं। बहेड़ी क्षेत्र के पड़ेरा और मवई काजियान से बर्फी के नमूने लिए गए। फतेहगंज पूर्वी के सोहन लाल मिष्ठान भंडार से खोया और फरीदपुर के बाजारिया इलाका-जेड में विनोद लॉज वालों से दूध की लॉज का नमूना लिया गया।
अब रिपोर्ट खोलेगी मिलावट का राज
अधिकारियों ने सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि इनमें खाद्य मानकों का कितना पालन हुआ है। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन के दिन भी खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी रही। मौलागढ़ में खाद्य कारोबारी शेरखान से बर्फी का नमूना लिया गया, जबकि आसपुर गौटिया गांव में इदरीस के यहां से मिल्क केक का नमूना भरा गया।