बरेली। सितंबर और अक्टूबर में ट्रेन से सफर करने वालों की मुश्किल बढ़ने वाली है। अलग-अलग जगह चल रहे रेलवे के निर्माण कार्यों के चलते मुरादाबाद मंडल से जुड़ी कई ट्रेनों पर असर पड़ेगा। कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनें अपने तय स्टेशन तक नहीं जाएंगी और एक ट्रेन को बदले रास्ते से चलाया जाएगा।
डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस लालगढ़ नहीं पहुंचेगी
लालगढ़ यार्ड में निर्माण कार्य के चलते 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस 10 और 11 अक्टूबर को लालगढ़ नहीं जाएगी। ट्रेन इन दोनों दिनों में हनुमानगढ़ तक ही चलेगी। हनुमानगढ़ से लालगढ़ के बीच ट्रेन नहीं चलेगी।
वापसी में भी लालगढ़ से नहीं मिलेगी ट्रेन
15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 13 और 14 अक्टूबर को लालगढ़ से नहीं चलेगी। इन दोनों दिनों में ट्रेन हनुमानगढ़ से ही डिब्रूगढ़ के लिए रवाना होगी। लालगढ़ से हनुमानगढ़ के बीच इसकी सेवा बंद रहेगी।
तीन दिन SBC-LKU ट्रेन पर ब्रेक
अगासोद स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के कारण 05073 SBC-LKU साप्ताहिक ट्रेन के 29 सितंबर, 6 अक्टूबर और 13 अक्टूबर के फेरे रद्द कर दिए गए हैं। यात्रियों को इन तारीखों पर इस ट्रेन की सेवा नहीं मिलेगी।
LKU-SBC के भी तीन फेरे रद्द
इसी तरह 05074 LKU-SBC साप्ताहिक ट्रेन के 26 सितंबर, 3 अक्टूबर और 10 अक्टूबर के फेरे भी रद्द रहेंगे। यानी इस ट्रेन से इन तारीखों पर सफर करने वाले यात्रियों को दूसरा विकल्प तलाशना होगा।
पुरी-ऋषिकेश एक्सप्रेस का रास्ता बदला
18477 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को अपने पुराने रास्ते से नहीं चलेगी। ट्रेन को KTM-OHAN-VGLJ वाले बदले रास्ते से चलाया जाएगा। रूट बदलने से ट्रेन के कुछ स्टेशनों पर पहुंचने का समय भी प्रभावित हो सकता है।
सफर से पहले टिकट और ट्रेन जरूर जांचें
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया रेलवे के अलग-अलग निर्माण कार्यों की वजह से इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित किया गया है। इसलिए अगर इन तारीखों में आपकी टिकट है तो घर से निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। रेलवे की ओर से स्टेशनों पर घोषणा, सूचना बोर्ड और एसएमएस के जरिए भी यात्रियों को जानकारी दी जाएगी।