बरेली। शाही में ठेके से शराब पीकर घर लौटे एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी खाना लेकर कमरे में पहुंची तो दिनेश बिस्तर पर बेसुध पड़ा था। काफी आवाज देने के बाद भी जब उसने आंखें नहीं खोलीं तो परिवार को बुलाया गया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

थाना क्षेत्र के बंशीपुर गांव निवासी 30 वर्षीय दिनेश कुमार ने सोमवार को गांव स्थित शराब के ठेके पर शराब पी थी। इसके बाद वह घर आया और सीधे अपने कमरे में जाकर लेट गया। रात करीब आठ बजे पत्नी ममता उसे खाना देने पहुंची। उसने दिनेश को उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। परिजन कमरे में पहुंचे तो दिनेश की मौत हो चुकी थी।

शराब में जहर मिलाकर पिलाया, परिजनों ने उठाए सवाल

दिनेश की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि युवक ने दिनेश को शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि पुलिस अभी आरोपों की जांच कर रही है और मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। दिनेश पांच भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर का था। उसके बड़े भाई मंगलीराम की वर्ष 2014 में बिजली का करंट लगने से मौत हो चुकी है। अब दिनेश की मौत के बाद उसके तीन छोटे बच्चों के सिर से भी पिता का साया उठ गया। पति की मौत के बाद पत्नी ममता और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस को पहली नजर में ज्यादा शराब पीने का शक

शाही थानाध्यक्ष देवेंद्र विश्नोई ने बताया कि दिनेश सुबह से ही शराब पी रहा था। पहली नजर में अधिक शराब के सेवन से मौत होने की आशंका है। हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को नकार नहीं रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *