बरेली। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में मंगलवार को सामाजिक न्याय के पुरोधा और मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे जननायक बीपी मंडल की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में सपा नेताओं ने बीपी मंडल के संघर्ष, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को याद करते हुए उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की।

माल्यार्पण कर याद किया संघर्ष

कार्यक्रम की शुरुआत बीपी मंडल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर हुई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों के लागू होने से देश में सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा मिली। पिछड़े, वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार और प्रतिनिधित्व दिलाने में बीपी मंडल की भूमिका ऐतिहासिक रही। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा, “बीपी मंडल जी ने सामाजिक न्याय की जो अलख जगाई, अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी उसे आगे बढ़ा रही है।” उन्होंने कहा कि मंडल जी का पूरा जीवन सामाजिक बराबरी और वंचित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष में समर्पित रहा। आज भी शिक्षा, रोजगार और राजनीति में समाज के कई वर्ग बराबरी की लड़ाई लड़ रहे हैं। सामाजिक न्याय केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान दिलाने का संकल्प है।

नई पीढ़ी तक पहुंचाने होंगे मंडल के विचार

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि बीपी मंडल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की ऐसी विचारधारा हैं जिसने देश की राजनीति और सामाजिक व्यवस्था को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर चर्चा के दौर में मंडल जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। पूर्व विधायक सुल्तान बेग और राजकुमार पाल ने कहा कि बीपी मंडल का संघर्ष केवल पिछड़े वर्ग के अधिकारों तक सीमित नहीं था। उनका उद्देश्य समाज में समानता और अवसर की व्यवस्था को मजबूत करना था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को सामाजिक न्याय, संविधान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

भागीदारी के बिना सामाजिक बदलाव अधूरा

सुरेंद्र सोनकर और चौधरी बृजेंद्र सिंह ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में बीपी मंडल का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के जरिए समानता और अधिकारों की मजबूत नींव रखी, जबकि बीपी मंडल ने वंचित वर्गों की भागीदारी और प्रतिनिधित्व की लड़ाई को आगे बढ़ाया। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज के सभी वर्गों को उचित भागीदारी मिलेगी। राजेश अग्रवाल और नरेश सोलंकी ने कहा कि बीपी मंडल की जयंती केवल उन्हें याद करने का दिन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी बरेली में बीपी मंडल के विचारों और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह यादव, महानगर उपाध्यक्ष राजेश मौर्य, कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भद्रसेन गंगवार, फरहान अली, यूथ ब्रिगेड के अशोक यादव, धर्मेंद्र सिंह लालू, जोगेंद्र पटेल, मनीषा सक्सेना, गुड्डी देवी, मुकेश यादव, संजय खान, द्रोण कश्यप, विशाल कश्यप, अमित पटेल, जावेद गद्दी, स्वदेश यादव, अमरीश यादव, करन रत्नाकर, रितेश यादव समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *