बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में 22 अगस्त से लापता 19 वर्षीय अर्जुन की तलाश सोमवार देर रात दर्दनाक अंजाम पर खत्म हुई। कैलाश मणि मंदिर के पीछे जंगल में उसका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है और जंगली जानवरों ने उसके कई हिस्सों को नोच दिया था। शव के पास नशीली दवा और नशे में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री मिलने से पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

सिरौली थाना क्षेत्र के नामदारगंज गांव निवासी 19 वर्षीय अर्जुन 22 अगस्त को घर से बिना कुछ बताए निकल गया था। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के साथ रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन अर्जुन का कोई सुराग नहीं लगा।

परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी, तलाश में जुटी थी पुलिस

काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर रविवार दोपहर परिजनों ने सिरौली थाने में अर्जुन की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने भी उसकी तलाश शुरू कर दी। सोमवार देर रात पुलिस को कैलाश मणि मंदिर के पीछे जंगल में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। बाद में उसकी पहचान लापता अर्जुन के रूप में हुई।

जंगली जानवरों ने नोचा शव, पास मिला नशे का सामान

पुलिस के मुताबिक शव काफी खराब हालत में था। आशंका है कि जंगल में पड़े रहने के दौरान सियार या अन्य जंगली जानवरों ने उसे नोच दिया। घटनास्थल की छानबीन के दौरान शव के पास कुछ नशीली दवा और नशे में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली। पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।

हत्या, हादसा या कोई और वजह, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

अर्जुन जंगल तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *