bareillyमौके पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण।

बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में ग्राम समाज की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने दो पुलिसकर्मियों पर प्रतिमा गिराकर क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया और उसी स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मामला गरमाने की सूचना मिलते ही एसपी देहात, एसडीएम और सीओ समेत कई अधिकारी गांव पहुंचे। हालात को देखते हुए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।

मंगलवार तड़के कुछ ग्रामीणों ने गांव में ग्राम समाज की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रख दी। प्रतिमा स्थापित करने के लिए मौके पर ईंटें भी मंगा ली गई थीं। प्रशासन को इसकी जानकारी मिली तो बिसौली एसडीएम और सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां जमा हो गए।

पुलिसकर्मियों पर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने का आरोप

विवाद उस समय और बढ़ गया जब ग्रामीणों ने दो पुलिसकर्मियों पर प्रतिमा गिराने और उसे क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगा दिया। इसे लेकर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक हुई। नाराज ग्रामीण उसी भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। हालांकि पुलिस-प्रशासन की ओर से ग्रामीणों के आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है।

बिना अनुमति प्रतिमा लगाने पर प्रशासन सख्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ग्राम समाज अथवा आरक्षित भूमि पर बिना सक्षम अनुमति के प्रतिमा स्थापित नहीं होने दी जाएगी। दोपहर तक ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी रहा।

तीन थानों की फोर्स ने संभाला मोर्चा

ग्रामीणों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आसपास के तीन थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। गांव में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है और प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का जोर बातचीत के जरिए विवाद समाप्त कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने कहा कि गांव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। शांति व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *