गाजियाबाद। रक्षाबंधन और कृष्ण जन्माष्टमी से पहले मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभाग की टीमों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक के भीमनगर और मोदीनगर इलाके में छापेमारी की। भीमनगर में गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर करीब 10 क्विंटल तैयार छेना रसगुल्ला नष्ट कराया गया। वहीं मोदीनगर में एक मिष्ठान भंडार के गोदाम से छेना, मावा, मिल्क केक और खोया समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

सचिन छेना स्टोर पर दो घंटे चली जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की तीन टीमों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर स्थित सचिन छेना स्टोर पर दबिश दी। फर्म सर्वोदय नगर निवासी उदय सिंह की बताई गई है। करीब दो घंटे तक चली जांच में टीम को बड़ी मात्रा में तैयार छेना रसगुल्ला मिला। अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया इसकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके बाद करीब 10 क्विंटल तैयार रसगुल्ला मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, ताकि संदिग्ध मिठाई बाजार तक न पहुंच सके। टीम ने रसगुल्ला, अरारोट, पनीर और सेफोलाइट समेत चार नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।

लैब रिपोर्ट खोलेगी गुणवत्ता का राज

विभाग के अनुसार नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि खाद्य सामग्री तैयार करने में किसी प्रतिबंधित अथवा मानकों के विपरीत पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था या नहीं। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मोदीनगर में गोदाम पर छापा, कई दुकानों के गिरे शटर

इसी अभियान के तहत टीम ने मोदीनगर बस अड्डे के पास एक मिष्ठान भंडार के गोदाम पर भी छापा मारा। यहां छेना, मावा, मिल्क केक और खोया के नमूने लिए गए। विभाग को प्रतिष्ठान को लेकर लगातार शिकायतें मिलने की बात कही गई है। छापेमारी की सूचना बाजार में फैलते ही हड़कंप मच गया। कार्रवाई के डर से आसपास के कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग इससे पहले भोजपुर क्षेत्र में भी संदिग्ध पनीर, मावा और अन्य खाद्य सामग्री को लेकर कार्रवाई कर चुका है।

गाजियाबाद और आसपास सप्लाई होता है मावा-पनीर

अधिकारियों के मुताबिक मोदीनगर क्षेत्र में तैयार होने वाला मावा और पनीर गाजियाबाद शहर के साथ आसपास के इलाकों में भी बड़ी मात्रा में भेजा जाता है। त्योहारों पर मांग बढ़ने के कारण विभाग ने मिठाई की दुकानों, डेयरियों, निर्माण इकाइयों और गोदामों की निगरानी बढ़ा दी है।

त्योहार तक चलेगा मिलावट के खिलाफ अभियान

डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि लिए गए सभी नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट में मिलावट या प्रतिबंधित पदार्थ के इस्तेमाल की पुष्टि हुई तो संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार शिकंजा कसा जाएगा। रक्षाबंधन और कृष्ण जन्माष्टमी तक जांच और छापेमारी का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *