bareillyपीड़ित सरवर खां उर्फ आफताब मियां

बरेली। सितंबर 2025 में बरेली में हुए दंगे के मामले में गवाह सरवर खां उर्फ आफताब मियां ने जेल में बंद आरोपी पार्षद अनीस सकलैनी के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरवर का आरोप है कि दंगे के मुकदमे में गवाही वापस लेने का दबाव बनाने के लिए उन्हें और उनके भाई मोहम्मद फिरदौस खां को लगातार धमकाया जा रहा है। अब अनीस सकलैनी के छोटे बेटे अफनान अनीस की बंदूक के साथ कथित फेसबुक फोटो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है। सरवर ने सीओ तृतीय शिवम आशुतोष को शिकायती पत्र देकर फोटो और सोशल मीडिया लिंक की साइबर सेल से जांच कराने की मांग की है।

फेसबुक पर बंदूक के साथ फोटो देख चौकी पुलिस को दी सूचना

चक महमूद निवासी सरवर खां ने शिकायत में बताया कि वह और उनके भाई मोहम्मद फिरदौस खां 26 सितंबर 2025 को हुए दंगे के मामले में गवाह हैं। उनका दावा है कि 21 अगस्त को सोशल मीडिया के जरिए उन्हें अफनान अनीस की बंदूक के साथ एक फोटो की जानकारी मिली। उन्होंने इसका स्क्रीनशॉट लिया और भाई के माध्यम से कांकर टोला चौकी प्रभारी को इसकी सूचना दी। सरवर का आरोप है कि हथियार के साथ फोटो सोशल मीडिया पर डालने का उद्देश्य दंगे के गवाहों पर दबाव बनाना और उनमें भय पैदा करना हो सकता है।

बहन इल्मा पर गवाही वापस लेने के लिए धमकाने का आरोप

शिकायतकर्ता ने अनीस सकलैनी की बेटी इल्मा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। सरवर का कहना है कि इल्मा अपने पिता के मुकदमे की पैरवी कर रही है और कथित तौर पर कई बार दोनों भाइयों को गवाही वापस नहीं लेने पर झूठे मुकदमे में फंसाने अथवा उनके खिलाफ आरोप लगाने की धमकी दे चुकी है। सरवर ने दावा किया कि अनीस का एक अन्य बेटा अदनान भी दंगे के मुकदमे में नामजद है और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उन्होंने अदनान पर भी धमकाने का आरोप लगाया है।

हत्या की सुपारी के पुराने मुकदमे का भी दिया हवाला

सरवर ने अपने प्रार्थना पत्र में थाना बारादरी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि उनके भाई फिरदौस की हत्या के लिए पूर्व में सुपारी दिए जाने का मामला सामने आया था और पुलिस ने कथित सुपारी किलर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक इस मुकदमे में अनीस सकलैनी की पत्नी यासमीन और बेटे अदनान को भी नामजद किया गया था। इन आरोपों के आधार पर सरवर ने अपने और भाई की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

फोटो को बताया AI से बनाया, डीएम को दी शिकायत

मामले में नया मोड़ तब आया जब सरवर को जानकारी मिली कि 22 अगस्त को इल्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके भाई अफनान की बंदूक वाली फोटो AI के जरिए तैयार कर उसे बदनाम करने की कोशिश की गई है। सरवर ने इस दावे को गलत बताते हुए पुलिस से तकनीकी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि फोटो के मूल सोशल मीडिया लिंक, अपलोडिंग रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल तथ्यों की साइबर सेल से जांच कराई जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि फोटो असली है, एडिटेड है या AI से तैयार की गई है।

साइबर जांच से सामने आ जाएगा सच

सरवर ने क्षेत्राधिकारी से मांग की है कि कथित फोटो और उसके सोशल मीडिया लिंक की साइबर सेल अथवा सक्षम तकनीकी अधिकारी से जांच कराई जाए। साथ ही फोटो में दिखाई दे रही बंदूक की पहचान कर उसकी वैधता और स्वामित्व की भी जांच की जाए। शिकायतकर्ता ने अफनान के खिलाफ हथियार के कथित प्रदर्शन के जरिए गवाहों को डराने और इल्मा के खिलाफ झूठी शिकायत देकर दबाव बनाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *