बरेली। कैनविज कंपनी में निवेश के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामलों की फेहरिस्त लगातार लंबी होती जा रही है। अब बारादरी क्षेत्र के एक परिवार ने कंपनी से जुड़े लोगों पर 22 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश के बाद बारादरी पुलिस ने कंपनी के सीएमडी कन्हैया गुलाटी समेत 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कन्हैया गुलाटी पर पहले से 70 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। वह फरार है और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
बारादरी थाना क्षेत्र के बजरंग एंक्लेव, हरुनगला निवासी विनोद कुमार के मुताबिक वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात कैनविज कंपनी के फाउंडर जगतपाल मौर्य, हरेंद्र प्रकाश पटेल और सीएमडी कन्हैया गुलाटी से हुई थी। आरोप है कि यह मुलाकात हरेंद्र प्रकाश और ग्राम प्रधान बादाम सिंह के माध्यम से कराई गई। विनोद का आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने उनके सामने निवेश की ऐसी योजना रखी, जिसमें एक लाख रुपये जमा करने पर 22 महीने तक हर माह पांच प्रतिशत लाभ देने का दावा किया गया। साथ ही 24वें महीने में निवेश की पूरी मूल रकम वापस करने का भरोसा दिया गया।
पहले किया इनकार, लगातार मनुहार के बाद लगा दिए 22 लाख
विनोद के मुताबिक शुरुआत में उन्होंने इतनी बड़ी रकम निवेश करने से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन कंपनी से जुड़े लोग लगातार उन्हें अधिक मुनाफे का भरोसा देकर निवेश के लिए तैयार करते रहे। आखिरकार वह उनके झांसे में आ गए और पांच लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद उनकी मां विमला देवी ने 10 लाख रुपये और बहन आरती ने सात लाख रुपये कंपनी में लगा दिए। इस तरह एक ही परिवार ने कुल 22 लाख रुपये कैनविज कंपनी में निवेश कर दिए।
शुरुआत में मिला मुनाफा, फिर अचानक बंद हो गया भुगतान
आरोप है कि निवेश के बाद शुरुआती कुछ महीनों तक कंपनी की ओर से तय लाभ की रकम मिलती रही। इससे परिवार का भरोसा और मजबूत हो गया, लेकिन कुछ समय बाद अचानक भुगतान बंद कर दिया गया। विनोद और उनके परिजनों ने जब कंपनी से जुड़े लोगों से संपर्क कर अपनी मूल रकम और बकाया लाभ के बारे में पूछा तो उन्हें लगातार टरकाया जाने लगा। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर बात गाली-गलौज तक पहुंच गई और बाद में उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
SSP तक पहुंची शिकायत, 13 नामजद समेत अन्य पर मुकदमा
रकम वापस नहीं मिलने पर विनोद कुमार ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने जगतपाल मौर्य, हरेंद्र प्रकाश पटेल, कन्हैया गुलाटी, बादाम सिंह, नरेश पटेल, सोमपाल पटेल, अंशुल मौर्य, हरपाल पटेल, ओमप्रकाश मौर्य, प्रमोद सिंह परिहार, योगेंद्र गंगवार, यतेंद्र गंगवार समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। वहीं, लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच कैनविज कंपनी और उससे जुड़े लोगों पर निवेशकों की रकम हड़पने के आरोपों की सूची और लंबी होती जा रही है।