up newsअधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम अविनाश सिंह।

बरेली। चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए गोदामों की जांच और स्टॉक पर निगरानी के बाद अब प्रशासन ने खरीद-बिक्री की पूरी चेन पर नजर टिका दी है। शनिवार को डीएम अविनाश सिंह ने थोक चीनी कारोबारियों को कलेक्ट्रेट बुलाकर बढ़ती कीमतों और बाजार में सप्लाई की स्थिति का हिसाब लिया। साफ निर्देश दिए गए कि नियमित व्यापारी को उसकी सामान्य मांग से अधिक चीनी न दी जाए और किसे कितना माल बेचा गया, इसका पूरा ब्योरा रजिस्टर में दर्ज किया जाए।

बैठक में डीएम ने थोक कारोबारियों से सीधे चीनी के बढ़ते भाव और स्टॉक की स्थिति पर जानकारी मांगी। कारोबारियों का कहना था कि जिले में चीनी की कोई कमी नहीं है। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के कारण बृहस्पतिवार से शहर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से चीनी लदी गाड़ियों को दुकानों और गोदामों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। कई बार माल पहुंचने में कई दिन लग रहे हैं। डीएम ने कहा कि जब आवश्यक वस्तुओं, एलपीजी और ईंधन टैंकरों को निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जा रहा है तो चीनी की गाड़ियों को भी नहीं रोका जाएगा। प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करेगा कि चीनी की सप्लाई प्रभावित न हो और परिवहन की समस्या के कारण बाजार में कृत्रिम कमी की स्थिति पैदा न होने पाए।

अब बिक्री रजिस्टर बताएगा कहां जा रही चीनी

प्रशासन ने थोक विक्रेताओं को नियमित ग्राहकों की सामान्य खरीद से अधिक मात्रा में चीनी देने से बचने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक बिक्री का रिकॉर्ड रखना होगा। किस व्यापारी ने कितनी चीनी खरीदी, इसकी एंट्री रजिस्टर में होगी। इससे जरूरत से अधिक खरीद, अनियमित भंडारण और बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश पर नजर रखी जा सकेगी। डीएम ने दोहराया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन और शासनादेश के मुताबिक कोई थोक विक्रेता 400 मीट्रिक टन यानी 4,000 क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखेगा। जांच में निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण अथवा अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फरीदपुर मिल के गोदाम में 56,330 कुंतल चीनी

बैठक में फरीदपुर चीनी मिल के जीएम ने बताया कि 21 अगस्त को मिल के स्टॉक में 56,330 कुंतल चीनी उपलब्ध थी। इसी दिन 800 कुंतल चीनी 6,000 रुपये प्रति कुंतल की दर से थोक कारोबारियों को बेची गई। थोक विक्रेताओं ने भी प्रशासन को बताया कि जिले में फिलहाल चीनी के स्टॉक की कमी नहीं है। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, सहायक चीनी आयुक्त नेहा त्रिवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह, जिला गन्ना अधिकारी डीके सैन, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अतुल वशिष्ठ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और थोक चीनी कारोबारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *