बरेली। धोखाधड़ी और ठगी के मामलों में घिरे महाठग कन्हैया गुलाटी और उसकी कैनविज कंपनी के खिलाफ बरेली में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। भारी-भरकम ब्याज और रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाली इस कंपनी पर शिकंजा कसता जा रहा है। ताजा मामला थाना प्रेमनगर क्षेत्र का है, जहां एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कैनविज कंपनी, उसके मास्टरमाइंड और एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5 प्रतिशत मासिक ब्याज का दिया था झांसा
हार्टमैन रोड की ऊषा वाटिका की रहने वाली पीड़िता रूबी गुप्ता पत्नी दीपक गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि थाना बारादरी के नवादा जोगियान निवासी एजेंट अंशुल मौर्य पुत्र राजेंद्र मौर्य ने उन्हें कंपनी में निवेश करने के लिए उकसाया था। एजेंट ने दावा किया था कि कैनविज कंपनी में पैसा लगाने पर हर महीने की पहली तारीख को 5 प्रतिशत ब्याज मिलेगा और 20 महीने बाद पूरी मूल धनराशि सुरक्षित वापस लौटा दी जाएगी। एजेंट के झांसे में आकर पीड़िता ने 2.25 लाख रुपये का सेंट्रल बैंक का चेक और 50,000 रुपये नकद (कुल 2.75 लाख रुपये) दे दिए।
दो महीने ब्याज देकर किया टालमटोल
पीड़िता के अनुसार, शुरुआत में उन्हें महज दो महीने ही ब्याज की रकम दी गई, जिसके बाद भुगतान रोक दिया गया। जब उन्होंने एजेंट से अपने पैसे मांगे तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। एजेंट के पिता राजेंद्र मौर्य ने भी पैसा वापस कराने का आश्वासन दिया, लेकिन धनराशि वापस नहीं मिली। धोखाधड़ी का अहसास होने और पैसे डूबने के सदमे से पीड़िता का मानसिक संतुलन तक बिगड़ गया।
एसएसपी के आदेश पर प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज
कैनविज कंपनी द्वारा सभी निवेशकों के पैसे गबन करने और लगातार हो रही टालमटोल से परेशान होकर पीड़िता ने एसएसपी अनुराग आर्य से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के कड़े रुख को देखते हुए उनके आदेश पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।