बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। वजीरगंज थाना क्षेत्र में किमी नंबर 175 के पास अचानक सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार अर्टिगा कार बेकाबू होकर पलट गई। कार ने कई पलटियां खाईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है।
नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे थे, रास्ते में मौत ने रोका
अर्टिगा कार संख्या CH02AA4318 में चालक समेत नौ लोग सवार थे। सभी अलग-अलग परिवारों के बताए जा रहे हैं। कार नेपाल के रुपैडिया से चंडीगढ़ जा रही थी। रात करीब तीन बजे कार गंगा एक्सप्रेसवे पर किमी नंबर 175 के पास पहुंची थी, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया।
कुत्ता बचाने की कोशिश में छूटा कार का कंट्रोल
चालक दीपक ओली ने कुत्ते को बचाने के लिए कार को मोड़ा। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलटने लगी। कार ने कई पलटियां खाईं। हादसा इतना जोरदार था कि कार के चारों तरफ के हिस्से बुरी तरह टूट गए। मौके पर कुत्ता भी मृत मिला। कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी रफ्तार काफी तेज रही होगी।
दो महिलाओं ने मौके पर ही तोड़ा दम
हादसे में नेपाल के जिला डांग निवासी दीपना खात्री (32) पत्नी नेमबहादुर और विपना सुनमगर (32) पत्नी विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
दो साल के बच्चे समेत सात घायल
हादसे में चालक दीपक ओली (28), पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), विनोद (2), सिमोन (10) और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हुआ। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के दौरान अज्ञात घायल ने भी दम तोड़ दिया।
कार रेस्ट एरिया में खड़ी, परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने मृत महिलाओं के शव सीएचसी वजीरगंज में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका विपना सुनमगर के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।