बरेली। शहर में बिजली कटौती और ट्रिपिंग की बड़ी वजह बन रही बिजली चोरी के खिलाफ शनिवार को लगातार दूसरे दिन बड़ा अभियान चलाया गया। पुलिस, विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीमों ने शहर और ग्रामीण इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 397 परिसरों की जांच की। इस दौरान 54 जगहों पर कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं 77 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए और 3.42 लाख रुपये की वसूली की गई।

शनिवार सुबह किला, बानखाना, रजा चौक, गुलाबनगर, नवाबगंज, गरगैया, फरीदपुर, धौराटांडा और अलीगंज समेत कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई। टीमों ने बॉडी कैमरे की निगरानी में घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच में 54 लोग एलटी लाइन से सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी करते मिले। मौके पर अवैध कनेक्शन हटाकर केबल जब्त कर ली गई और सभी मामलों में एपीटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

तीन ई-रिक्शा स्टैंडों पर चल रहा था बिजली चोरी का खेल

किला क्षेत्र के बानखाना स्थित रजा चौक में अवैध रूप से संचालित तीन ई-रिक्शा स्टैंडों पर बड़ा खुलासा हुआ। यहां 61 ई-रिक्शों की चार्जिंग सीधे बिजली लाइन में कटिया डालकर की जा रही थी। जांच में करीब 43 किलोवाट का अवैध लोड मिला। इस मामले में नदीम पुत्र लियाकत, जुबैर पुत्र सिकंदर और ओमान पुत्र नदीम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 63 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और मुकदमा दर्ज कराया गया। अभियान के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 77 उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काट दिए गए। साथ ही मौके पर ही 3.42 लाख रुपये का बकाया जमा कराया गया।

0

बिजली चोरी का खामियाजा भुगतते हैं ईमानदार उपभोक्ता

बिजली विभाग का कहना है कि किला, बानखाना, वाकरगंज, शास्त्रीनगर और गुलाबनगर जैसे इलाकों में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी होने से लाइन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसका असर पूरे इलाके की सप्लाई पर पड़ता है और बार-बार ट्रिपिंग व बिजली गुल होने की समस्या पैदा होती है, जिससे नियमित बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने क्या कहा

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने कहा कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बिजली चोरी होती दिखे तो उसकी सूचना विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी पर रोक लगेगी तभी शहर को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *