Social Sharing icon

 

दिल्ली-एनसीआर में लगातार गंभीर होते जा रहे वायु प्रदूषण और अरावली पर्वतमाला के कथित विनाश को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बड़ा और भावनात्मक बयान सामने आया है। उन्होंने इस मुद्दे को केवल पर्यावरणीय संकट तक सीमित न रखते हुए इसे लोकतंत्र, जनस्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व से जोड़ दिया है। अखिलेश यादव ने दिल्लीवासियों के नाम एक खुला पत्र लिखते हुए न सिर्फ केंद्र और भाजपा सरकार पर निशाना साधा, बल्कि आम जनता को भी चेताया कि अगर इस समय लोग मौन रहे, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा—“लोकतंत्र में अगर इस समय मौन रही आवाम, निश्चित है हम एक दिन भोगेंगे परिणाम।” उनका यह वाक्य तेजी से वायरल हो रहा है और इसे मौजूदा हालात पर एक गहरी राजनीतिक और सामाजिक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा पर गंभीर आरोप

सपा प्रमुख ने अपने बयान में भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि अरावली क्षेत्र में अवैध खनन को वैध बनाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ज़मीन की असीमित भूख और कॉरपोरेट हितों के आगे पर्यावरण को कुर्बान किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि अरावली को बचाना मतलब खुद को बचाना है। अगर इसका विनाश नहीं रोका गया, तो दिल्ली दुनिया की ‘प्रदूषण राजधानी’ बन जाएगी और यहां रहने वाले लोगों को राजधानी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

 दिल्लीवासियों के नाम भावनात्मक पत्र

अखिलेश यादव ने दिल्ली के नागरिकों के नाम लिखे पत्र में कहा—“बची रहे जो अरावली, तो दिल्ली रहे हरी-भरी।”
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अरावली को बचाना कोई विकल्प नहीं, बल्कि एक सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने चेताया कि अगर अरावली नहीं बचेगी, तो एनसीआर का अस्तित्व भी खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने बताया कि अरावली पर्वतमाला दिल्ली और एनसीआर के लिए एक प्राकृतिक सुरक्षा कवच है—एक ऐसी कुदरती ढाल जो वायु प्रदूषण को कम करती है, तापमान को संतुलित रखती है और बारिश के जलचक्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 पर्यावरण और जैव विविधता की आखिरी उम्मीद

अखिलेश यादव ने अपने पत्र में लिखा कि अरावली ही वह क्षेत्र है जो एनसीआर की बची-खुची जैव विविधता को संभाले हुए है। लगातार गायब होते वेटलैंड्स, सूखते जलस्रोत और लुप्त होते पक्षी—सबको बचाने की ताकत अरावली में है। उन्होंने कहा कि अरावली न सिर्फ पर्यावरणीय बल्कि भावनात्मक रूप से भी दिल्ली की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा है।

 प्रदूषण से बिगड़ता जनजीवन

सपा प्रमुख ने चिंता जताई कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का सबसे घातक असर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है। स्मॉग के कारण सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि विश्व प्रसिद्ध अस्पताल और मेडिकल सर्विस सेक्टर तक प्रभावित हो रहे हैं। जो लोग इलाज के लिए दिल्ली आते थे, अब वे यहां आने से डर रहे हैं।

 दिल्ली के भविष्य को लेकर 9 बड़ी चेतावनियां

अखिलेश यादव ने अपने बयान में दिल्ली के भविष्य को लेकर 9 गंभीर चेतावनियां दीं। उन्होंने कहा कि अगर प्रदूषण और अरावली का विनाश नहीं रुका, तो दिल्ली उत्तर भारत के सबसे बड़े आर्थिक और व्यापारिक केंद्र का दर्जा खो देगी। न देशी पर्यटक आएंगे, न विदेशी। बड़े राजनीतिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक सम्मेलन बंद हो जाएंगे। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ या एशियाड जैसी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी सिर्फ सपना बनकर रह जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी-कैब, गाइड, हैंडीक्राफ्ट और छोटे कारोबार ठप हो जाएंगे। जब प्रदूषण की वजह से हवाई जहाज नहीं उड़ पाएंगे, ट्रेनें लेट होंगी और सड़क परिवहन असुरक्षित हो जाएगा, तो कोई दिल्ली क्यों आएगा?

अखिलेश यादव ने यहां तक कहा कि हालात ऐसे बन सकते हैं कि लोग अपने बेटे-बेटी की शादी तय करने से पहले दिल्ली की हवा और पानी के बारे में सोचने लगेंगे। ‘अरावली बचाओ’ का आह्वान अपने पत्र के अंत में अखिलेश यादव ने हर नागरिक, स्कूल, कोचिंग संस्थान, व्यापारी, दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वालों और हर परिवार से ‘अरावली बचाओ’ अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। उनका साफ संदेश है— अरावली को बचाना ही दिल्ली और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *