बरेली। स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के चलते दिल्ली रूट पर रेलवे की पार्सल व्यवस्था चार दिन के लिए थम गई है। बुधवार से लागू रोक शनिवार यानी 15 अगस्त तक जारी रहेगी। इसका सबसे ज्यादा असर बरेली से दिल्ली जाने वाले घरेलू सामान, कपड़े और होजरी का माल भेजने वाले व्यापारियों पर पड़ रहा है। दिल्ली क्षेत्र के पांच प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल की बुकिंग, लोडिंग और अनलोडिंग बंद होने से कारोबारियों को फिलहाल वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं।

बरेली से दिल्ली जाने वाले व्यापारियों के लिए रेलवे लंबे समय से पार्सल भेजने का एक प्रमुख जरिया है। लेकिन स्वतंत्रता दिवस के चलते दिल्ली क्षेत्र में पार्सल गतिविधियों पर रोक लगने से इस रूट पर माल भेजना मुश्किल हो गया है। खासकर रोजाना छोटे-बड़े पैकेट भेजने वाले कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे की रोक का असर खास तौर पर घरेलू सामान, कपड़े और होजरी का माल भेजने वालों पर पड़ रहा है। इन कारोबारियों का माल अक्सर दिल्ली और आसपास के बाजारों तक रेलवे के जरिए भेजा जाता है। चार दिन की रोक के चलते माल की आवाजाही प्रभावित हुई है और कारोबारियों को वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ रहा है।

नई दिल्ली से आनंद विहार तक पार्सल पर रोक

रेलवे ने नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर पार्सल की सभी गतिविधियां रोक दी हैं। यहां पार्सल की बुकिंग के साथ लोडिंग-अनलोडिंग भी नहीं हो रही है। पार्सल गोदाम और प्लेटफॉर्म को भी पैकेटों से खाली रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिबंध का दायरा सिर्फ दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों तक सीमित नहीं है। दूसरे मंडलों और जोन से आने वाली जिन ट्रेनों का ठहराव दिल्ली क्षेत्र के इन स्टेशनों पर है, उनमें भी पार्सल की लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक है। लीज्ड एसएलआर, वीपी और डिमांड वीपी भी प्रतिबंध के दायरे में हैं।

यात्रियों का सामान चलता रहेगा

पार्सल पर रोक के बावजूद यात्रियों के निजी सामान पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। यात्री अपना निजी सामान यात्री कोच में ले जा सकते हैं। पंजीकृत अखबार और पत्रिकाओं की बुकिंग भी जरूरी सुरक्षा औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जारी रहेगी। सीएमआई मो. इमरान ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी रोक लगाई गई है। 12 अगस्त से शुरू हुई यह व्यवस्था 15 अगस्त तक लागू रहेगी। इसके बाद दिल्ली क्षेत्र में पार्सल सेवाएं सामान्य हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *