पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में अवैध बीयर की बिक्री रोकने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर महिलाओं ने हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान महिलाओं ने आबकारी इंस्पेक्टर की वर्दी फाड़ दी और टीम द्वारा बरामद की गई बीयर की केनों से भरी बोरी छीनकर फरार हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना पर पहुंची थी आबकारी विभाग की टीम
जानकारी के अनुसार, माधोटांडा थाना क्षेत्र के सिमरा ताल्लुके महाराजपुर गांव में आबकारी इंस्पेक्टर डॉ. दीपक राय के नेतृत्व में गुरुवार शाम कच्ची शराब और अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव निवासी मोतीचंद पुत्र बैजनाथ अपनी परचून की दुकान पर बिना लाइसेंस के बीयर बेच रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर छापेमारी की।
दुकान से बरामद हुईं 10 बीयर की केन
छापेमारी के दौरान दुकान से बीयर की 10 केन बरामद हुईं। आबकारी टीम ने दुकानदार से बिक्री का लाइसेंस और अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने बीयर की केनों को कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी।
महिलाओं ने छीनी बरामद बीयर, इंस्पेक्टर की वर्दी भी फाड़ी
इसी दौरान दुकानदार के परिवार की दो महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि उन्होंने बीयर की केनों से भरी बोरी छीनने का प्रयास करते हुए आबकारी टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इस दौरान गाली-गलौज भी की गई और आबकारी इंस्पेक्टर की वर्दी फाड़ दी गई। आरोप है कि मोतीचंद भी डंडा लेकर टीम पर हमला करने पहुंच गया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद महिलाएं बरामद बीयर की बोरी लेकर मौके से फरार हो गईं।
पुलिस पहुंची, आरोपी दुकान बंद कर हुए फरार
घटना की सूचना मिलने पर माधोटांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दुकानदार और उसके परिवार के लोग दुकान बंद कर फरार हो चुके थे। आबकारी विभाग ने पुलिस को तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, अवैध शराब बिक्री और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
आबकारी इंस्पेक्टर ने क्या कहा
आबकारी इंस्पेक्टर डॉ. दीपक राय ने बताया कि दुकान से अवैध रूप से बीयर की केन बरामद हुई थीं। कार्रवाई के दौरान टीम के साथ हाथापाई कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।