बरेली। शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने और आठ लाख रुपये मांगने के आरोपों में घिरे मोहित कुमार कन्नौजिया पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। इज्जतनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के अगले ही दिन मंगलवार को मोहित को गल्ला मंडी के सामने से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। युवती ने मोहित पर छह साल तक शादी का भरोसा देने और बाद में मुकरकर धमकाने के गंभीर आरोप लगाए थे।
इज्जतनगर क्षेत्र की युवती की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को मोहित कुमार कन्नौजिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। मंगलवार सुबह पुलिस को मोहित के गल्ला मंडी के पास होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर करीब 11:10 बजे उसे दबोच लिया। मोहित बारादरी के जगतपुर का रहने वाला है।
छह साल के रिश्ते के बाद शादी से मुकरने का आरोप
युवती का आरोप है कि मोहित करीब छह साल तक उसे शादी का भरोसा देता रहा और इसी दौरान उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब उसने शादी के लिए कहा तो मोहित ने इनकार कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उससे आठ लाख रुपये की मांग की जा रही है। इससे पहले भी मोहित पर उससे नकद और बैंक खाते के जरिए रुपये लेने के आरोप लगाए गए थे। युवती ने मोहित के परिवार के कुछ सदस्यों पर भी उसका साथ देने और धमकाने के आरोप लगाए हैं।
कचहरी में समझौते के बाद भी बिगड़ी बात
युवती ने बताया कि 13 जुलाई को कचहरी में दोनों के बीच नोटरी समझौतानामा तक हुआ था। इसके बाद उसे शादी की उम्मीद थी, लेकिन विवाद खत्म होने के बजाय और बढ़ गया। आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंचा और 10 अगस्त को एफआईआर दर्ज हो गई। एफआईआर के बाद ज्यादा समय तक मोहित पुलिस से बच नहीं सका। मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। अब पुलिस मुकदमे में लगाए गए अन्य आरोपों और मामले से जुड़े बाकी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।