बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को अटल सभागार में आयोजित होगा। इस समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगी। समारोह में 82 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, 104 शोधार्थियों को पीएचडी तथा एक शोधार्थी को डी.लिट. की उपाधि प्रदान की जाएगी।
दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व संयुक्त सचिव (स्वास्थ्य) एवं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार दीक्षांत संबोधन देंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पूरे परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
69 छात्राएं और 13 छात्र पहनेंगे स्वर्णिम सफलता का ताज
इस वर्ष कुल 82 स्वर्ण पदकों में 69 छात्राएं और 13 छात्र शामिल हैं। विभिन्न संकायों के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। हालांकि मंच से केवल 24 मेधावियों को राज्यपाल के हाथों स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जबकि शेष विद्यार्थियों को अन्य अतिथि सम्मानित करेंगे। इसके अलावा 104 शोधार्थियों को पीएचडी और एक शोधार्थी को डी.लिट. की उपाधि प्रदान की जाएगी।
राज्यपाल करेंगी नए द्वार, मार्ग और कृषि संकाय का उद्घाटन
कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वर्ण जयंती द्वार से विश्वविद्यालय में प्रवेश करेंगी। यहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण, नवनिर्मित मार्ग और कृषि संकाय भवन का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद वह अटल सभागार पहुंचकर दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
राजभवन की टीम ने परखी तैयारियां, कुलपति ने लिया अंतिम जायजा
दीक्षांत समारोह से पहले राजभवन की छह सदस्यीय टीम ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। टीम ने छात्रावास, अकादमिक भवन, शोध निदेशालय, अंतरराष्ट्रीय संबंध निदेशालय, खेल परिसर तथा निर्माणाधीन इमारतों का निरीक्षण किया। कुलपति ने विभिन्न समितियों की बैठक लेकर मंच संचालन, अतिथि प्रबंधन, सुरक्षा, मीडिया, उपाधि वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
वर्षा को देखते हुए बदला रोबिंग स्थल, मियावाकी उपवन भी बना आकर्षण
बारिश की संभावना को देखते हुए इस बार राज्यपाल के लिए रोबिंग टेंट हाउस सभागार के बाहर मैदान के बजाय भवन के भीतर बनाया गया है। विश्वविद्यालय परिसर के स्वर्ण जयंती द्वार के भीतर मियावाकी पद्धति से विकसित हरित उपवन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। कुलपति ने इसे पर्यावरण संरक्षण और जैव-विविधता के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता बताया।
गोद लिए गांवों के बच्चों की रचनाएं बनेंगी पुस्तक
दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों में आयोजित निबंध एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों की रचनाओं को पुस्तक का रूप दिया जाएगा। इस पुस्तक का विमोचन राज्यपाल करेंगी और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इसकी प्रतियां सौंपेंगी, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिल सके।
सुबह 9:30 बजे तक मिलेगा प्रवेश, मोबाइल रखना होगा बंद
विश्वविद्यालय प्रशासन ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और आमंत्रित अतिथियों से समय से पहले पहुंचने की अपील की है। अटल सभागार में प्रवेश सुबह 9:30 बजे तक ही मिलेगा। आमंत्रण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। सुरक्षा कारणों से ब्रीफकेस, हैंडबैग, कैमरा, छतरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। समारोह के दौरान मोबाइल फोन बंद रखना होगा तथा कार्यक्रम समाप्त होने तक सभागार में बने रहने का अनुरोध किया गया है।
राजधानी एक्सप्रेस से आएंगी राज्यपाल
कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार सुबह 9:10 बजे राजधानी एक्सप्रेस से बरेली जंक्शन पहुंचेंगी। वहां से वह सुबह 9:30 बजे एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। लगभग 5 घंटे 55 मिनट बरेली प्रवास के बाद दोपहर 3:25 बजे राजधानी एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए रवाना होंगी।













Leave a Reply