बरेली। विदेश घूमने का सपना दिखाकर ट्रैवल कंपनी के जरिए टिकट और वीजा कराने के नाम पर दंपती से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पहले स्विट्जरलैंड, इटली, फ्रांस और ग्रीस का सफर कराने के बाद ट्रैवल कंपनी पर ऐसा भरोसा जमा कि दंपती ने जापान जाने के लिए भी उसी कंपनी का रुख किया। आरोप है कि 92,300 रुपये लेने के बाद टिकट तो थमा दिए गए, लेकिन वीजा नहीं आया। जब रिफंड मांगा गया तो फर्जी मैसेज दिखाकर रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया।

महानगर निवासी आदित्य मोहित शर्मा ने बताया कि एक साल पहले हुई शादी के बाद घूमने के लिए उन्होंने ट्रूली अमेजिंग ट्रिप्स प्राइवेट लिमिटेड से संपर्क किया था। कंपनी की डायरेक्टर तनवी कथूरिया ने दंपती के लिए स्विट्जरलैंड, इटली और फ्रांस के वीजा और हवाई टिकट की व्यवस्था की। इसके बाद जून 2025 में ग्रीस जाने के लिए भी इसी कंपनी से टिकट और वीजा कराया गया। लगातार काम होने से तनवी पर उनका भरोसा और मजबूत हो गया।

जापान के नाम पर 92,300 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर

शिकायत के मुताबिक अगस्त 2025 में दंपती ने जापान जाने की योजना बनाई और तनवी से टिकट व वीजा कराने को कहा। तनवी द्वारा भेजे गए लिंक पर पीड़ित की पत्नी ने 92,300 रुपये ऑनलाइन जमा किए। रकम रोमराइट ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड के खाते में गई। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी रवि कुमार ने जापान की फ्लाइट के टिकट भेज दिए। तनवी ने भरोसा दिलाया कि वीजा भी समय से मिल जाएगा। जापान जाने की तारीख नजदीक आती गई, लेकिन वीजा नहीं आया। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने कई बार तनवी और रवि से संपर्क किया। 15 अक्टूबर 2025 को फ्लाइट में महज पांच दिन बाकी थे, तब भी दोनों ने उन्हें परेशान न होने और समय से वीजा आने का भरोसा दिया। लेकिन फ्लाइट की तारीख तक वीजा नहीं मिला और जापान की यात्रा नहीं हो सकी।

टिकट कैंसिल हुआ तो रिफंड पर शुरू हुआ विवाद

यात्रा नहीं होने के बाद आदित्य ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि तनवी और रवि ने रिफंड देने से इनकार कर दिया। उन्हें एक मैसेज दिखाया गया, जिसमें टिकट कैंसिलेशन का भुगतान नहीं होने की बात कही गई थी। इसके बाद पीड़ित ने अधिवक्ता के जरिए दोनों को नोटिस भी भेजा, लेकिन उन्हें यही बताया गया कि फ्लाइट कंपनी से कोई रिफंड नहीं मिला है। इसके बाद आदित्य ने टिकट बुक कराने वाली थर्ड पार्टी कंपनी से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक वहां से मिली जानकारी ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। पीड़ित ने कहा कंपनी ने ईमेल के जरिए बताया कि टिकट कैंसिल होने के बाद 35,624 रुपये तनवी को भेजे गए थे। इसके अलावा 15 हजार रुपये के ट्रिप्स कॉइन भी दिए गए थे।

फर्जी मैसेज दिखाकर रकम हड़पने का आरोप

आदित्य का आरोप है कि तनवी और रवि ने ट्रिप्स डॉट कॉम के नाम से फर्जी मैसेज दिखाकर उन्हें गुमराह किया और बताया कि टिकट कैंसिल होने का कोई रिफंड नहीं मिला है। पीड़ित का आरोप है कि इसी कूटरचित संदेश का इस्तेमाल कर 35,624 रुपये का रिफंड और 15 हजार रुपये के ट्रिप्स कॉइन हड़प लिए गए। बाद में जब उन्होंने दोनों से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन भी नहीं उठाया गया। मामले में पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश के बाद इज्जतनगर पुलिस ने तनवी कथूरिया और रवि कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब टिकट बुकिंग, ऑनलाइन भुगतान, रिफंड, ईमेल और मैसेज समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *