up news

बरेली। राजस्थान और गुजरात की ओर सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने 05344/05343 लालकुआं-साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन बरेली होते हुए मथुरा, भरतपुर, जयपुर, किशनगढ़ और अजमेर के रास्ते साबरमती पहुंचेगी। रेलवे ने इसकी समय सारिणी जारी कर दी है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक, 05344 लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक विशेष ट्रेन दो सितंबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलाई जाएगी। ट्रेन लालकुआं से दोपहर 1:35 बजे रवाना होगी। यह दोपहर 2:40 बजे भोजीपुरा, 2:57 बजे इज्जतनगर और 3:15 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।

बदायूं से जयपुर-अजमेर होते हुए पहुंचेगी साबरमती

बरेली से रवाना होने के बाद ट्रेन शाम 4:02 बजे बदायूं पहुंचेगी। इसके बाद कासगंज, हाथरस, मथुरा, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, फालना, जवाई बांध, आबू रोड, पालनपुर और महेसाणा होते हुए अगले दिन सुबह 11:05 बजे साबरमती पहुंचेगी। वापसी में 05343 साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन तीन सितंबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी। साबरमती से ट्रेन शाम चार बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 10:52 बजे बदायूं और 11:45 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे बरेली सिटी, 12:17 बजे इज्जतनगर और 12:34 बजे भोजीपुरा होते हुए दोपहर 2:40 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

लालकुआं-राजकोट स्पेशल के समय में भी बदलाव

रेलवे ने 05045/05046 लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन की समय सारिणी में भी बदलाव किया है। संशोधित समय के मुताबिक, 05045 लालकुआं-राजकोट विशेष ट्रेन 27 सितंबर से प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे चलेगी। यह दोपहर 2:15 बजे इज्जतनगर, 2:35 बजे बरेली सिटी और 2:50 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। शाम 3:35 बजे बदायूं पहुंचने के बाद ट्रेन अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी। वहीं, 05046 राजकोट-लालकुआं विशेष ट्रेन 31 अगस्त से प्रत्येक सोमवार को राजकोट से रात 10:30 बजे रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए तड़के 4:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *