bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बरेली। बेरोजगार युवाओं को यूपी होमगार्ड और सेना की वर्कशॉप में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का फरीदपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और पांच कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने नौकरी के नाम पर कई युवाओं से भारी रकम वसूली थी और फर्जी दस्तावेजों के सहारे उन्हें लंबे समय तक गुमराह करते रहे।

फतेहगढ़ निवासी विवेक ने सात जून को थाना फरीदपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई की पहचान फरीदपुर के कैरुआ गांव निवासी अरविंद राज से हुई थी। अरविंद और उसके साथियों अनिल, उमेश, शशिकांत तथा रवि ने 510 आर्मी बेस वर्कशॉप और उत्तर प्रदेश होमगार्ड में नौकरी लगवाने का दावा करते हुए उससे और उसके साथियों से लाखों रुपये वसूल लिए। जब नियुक्ति पत्र नहीं मिला तो पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।

बैंक खातों की जांच में खुला करोड़ों के लेनदेन का राज

मामले में थाना फरीदपुर पर बीएनएस और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले जिनसे पता चला कि गिरोह ने नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी संख्या में युवाओं को अपना शिकार बनाया। आरोपियों के बैंक खातों और लेनदेन की पड़ताल में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले, जिससे ठगी का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, पांच फर्जी आधार कार्ड बरामद

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कैरुआ गांव निवासी उमेश मौर्य और अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उमेश के पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और तीन कूटरचित आधार कार्ड बरामद हुए, जबकि अनिल के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो फर्जी आधार कार्ड मिले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

नौकरी नहीं लगवा पाए तो मांगने लगे ज्वाइनिंग लेटर

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कई लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए थे। जब नौकरी नहीं लग सकी तो अभ्यर्थी उनसे ज्वाइनिंग लेटर मांगने लगे। आरोपियों के पास कोई वैध नियुक्ति पत्र नहीं था, जिससे उनकी ठगी का पूरा खेल सामने आ गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *