bareillyशहर में निकलती बाबा महाकाल पालकी यात्रा।

बरेलीश्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से सोमवार शाम बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। चांदी की पालकी में विराजमान बाबा महाकाल जब नंदी स्वरूप धारण किए भक्तों के कंधों पर नाथनगरी के भ्रमण के लिए निकले तो पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई और विभिन्न समाजों, व्यापारिक संगठनों व श्रद्धालुओं ने आरती कर पालकी का स्वागत किया।

बाबा महाकाल पालकी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित यात्रा से पहले पं. भगवती नंदन शास्त्री व अन्य आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा महाकाल, माता गौरी और भगवान भैरवनाथ की पूजा-अर्चना कराई। पालकी धारण करने वाले भक्तों को जनेऊ, भस्म, चंदन और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। ट्रस्ट अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल और महामंत्री अनुराग अग्रवाल ने बाबा महाकाल और माता जगतजननी की आरती उतारी। इसके बाद गाजे-बाजे और जयघोष के बीच यात्रा का शुभारंभ हुआ। बाबा महाकाल बारह ज्योतिर्लिंगों से अंकित चांदी की पालकी में विराजमान थे। उनके साथ मां अन्नपूर्णा और काशी कोतवाल भगवान भैरवनाथ भी अपने-अपने सिंहासन पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देते चले।

महाकाल

श्यामगंज से कालीबाड़ी तक उमड़ा आस्था का सैलाब

पालकी यात्रा अपने परंपरागत मार्ग से साहू गोपीनाथ, शिवाजी मार्ग, बांस मंडी, सिकलापुर, रोडवेज, चौकी चौराहा, बरेली कॉलेज और कालीबाड़ी होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। कई स्थानों पर लोगों ने घरों की छतों से बाबा महाकाल और माता श्रृंगार गौरी पर पुष्पवर्षा की। नंद, कश्यप, अग्रवाल, राठौर, पासवान, राजपूत, क्षत्रिय, भोजवाल, वाल्मीकि, स्वर्णकार, चित्रांश कायस्थ और गुप्ता समेत विभिन्न समाजों ने पंडाल लगाकर पालकी यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। व्यापार मंडलों, सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर आरती और पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।

मंत्री अरुण कुमार और विधायक संजीव अग्रवाल ने उतारी आरती

वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और डॉ. विनोद पागरानी समेत अन्य गणमान्य लोगों ने बाबा महाकाल की आरती उतारकर पालकी यात्रा का स्वागत किया। आयोजन में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, पार्षद राजेश अग्रवाल, विशाल मेहरोत्रा और नवीन अग्रवाल समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा।

महाकाल

वीर हकीकत राय से शिवाजी तक, झांकियों ने खींचा ध्यान

मीडिया प्रभारी प्रमोद रघुवंशी ने बताया कि यात्रा में विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। आस्था, साहस और स्वाभिमान की गाथा को दर्शाती वीर हकीकत राय, छत्रपति शिवाजी महाराज और हिंदवी स्वराज और चित्तौड़ की रानी पद्मिनी के जौहर और बलिदान पर आधारित झांकियों को श्रद्धालुओं ने सराहा। नासिक बैंड, डमरू दल और श्री रामानुज सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं का घोष भी आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा में विवेक मिश्रा, पंकज दत्त, राजकिशोर कश्यप, प्रसून सिंह, अमित मिश्रा, अमित भारद्वाज, मुकुल अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, अनूप गोयल और नितेश वर्मा समेत अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *