- नशे में हैवानियत: शराब की महफिल के बाद चाचा ने भतीजे को ईंट से कुचल डाला, सुबह घर में मिली लाश
बरेली। बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। गांव बेलबुझिया में एक युवक की उसके ही चाचा ने ईंट से सिर और चेहरे पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। शनिवार सुबह घर के भीतर खून से सना शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक तोताराम, मूल रूप से बदायूं के धर्मपुर गांव का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से बेलबुझिया में रह रहा था। शुक्रवार रात वह अपने रिश्ते के चाचा फूलचंद के साथ घर में मौजूद था। दोनों के बीच देर रात शराब पीने के दौरान किसी बात पर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया।
चेहरे पर किए ताबड़तोड़ वार
बताया जा रहा है कि नशे में फूलचंद आपा खो बैठा। गुस्से में उसने पास पड़ी ईंट उठाकर तोताराम के चेहरे पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते तोताराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाचा फरार हो गया।
पत्नी मायके में थी, सुबह खुला राज
घटना के वक्त तोताराम की पत्नी मायके गई हुई थी। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा। अंदर झांकने पर खून से लथपथ शव पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पत्नी मायके से लौटी और पति का शव देखकर बेसुध हो गई।
गिरफ्तारी को दबिश, गांव में पुलिस तैनात
सिरौली थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी कहासुनी के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।