बरेली। रात के अंधेरे में सुनसान रास्ते पर बाइक सवार दंपती को निशाना बनाकर पर्स छीनने वाले तीन आरोपियों को वारदात के करीब तीन सप्ताह बाद विशारतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एक खाली मकान में जुटकर अगली वारदात की तैयारी कर रहे थे। उनके पास से दंपती से छीने गए दो मोबाइल फोन, हाथ घड़ी और 750 रुपये बरामद हुए हैं। जिस बाइक से वारदात की गई थी, उसे भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

वारदात 17 जुलाई की रात करीब 10 बजे पराबहाउद्दीनपुर गांव के पास हुई थी। एक दंपती बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें निशाना बनाया और महिला का पर्स छीनकर भाग निकले। पर्स में दो मोबाइल फोन, हाथ घड़ी और करीब पांच हजार रुपये थे। अचानक हुई वारदात के बाद दंपती ने पुलिस से शिकायत की और विशारतगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन वे लगातार पकड़ से दूर बने रहे।

लूट का माल मिला, नकदी हो चुकी थी खर्च

शुक्रवार को पुलिस को तीनों के बारे में सुराग मिला। पता चला कि मधुसूदन फैक्ट्री के पीछे बने एक खाली मकान में तीन युवक जुटे हैं। तीनों एक और वारदात करने की फिराक में थे। टीम ने मकान की घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। इनमें अतरछेड़ी गांव निवासी 26 वर्षीय अभ्युदय, आंवला के मिर्जापुर निवासी 19 वर्षीय वैभवपाल और अतरछेड़ी निवासी 23 वर्षीय रोहित उर्फ मोहित शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को दो वीवो मोबाइल फोन, एक हाथ घड़ी और 750 रुपये मिले। पुलिस के मुताबिक मोबाइल और घड़ी उसी दंपती से छीने गए थे। वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद कर ली गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पर्स में मिले करीब पांच हजार रुपये में से अधिकांश रकम आरोपी खर्च कर चुके थे। आरोपियों ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि अपराध से मिलने वाले रुपये और सामान को वे आपस में बांट लेते थे।

जिस बाइक से की छिनैती, उसके भी चोरी के होने का शक

मामले में एक और कहानी बाइक को लेकर सामने आई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल बाइक भी चोरी की है। अब पुलिस बाइक के मालिक और उसके चोरी होने की घटना का रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच में बाइक चोरी की पुष्टि होने पर आरोपियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। विशारतगंज इंस्पेक्टर प्रदीम कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड में अभ्युदय का नाम पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ आंवला थाने में मारपीट, बलवा, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं रोहित उर्फ मोहित के खिलाफ सिरौली थाने में मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। विशारतगंज पुलिस ने बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) बढ़ा दी है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *