बस्ती। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक विधवा महिला के लिए मुसीबत बन गई। पहले युवक ने महिला का भरोसा जीता, फिर उससे शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब महिला ने शादी से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसकी चार साल की मासूम बेटी का अपहरण कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
मामला बस्ती सदर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पति की मौत के बाद महिला अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से कौशांबी निवासी जाकिर से हुई। बातचीत बढ़ने पर आरोपी महिला से शादी करने की जिद करने लगा, लेकिन महिला ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
शादी से इनकार से नाराज जाकिर ने खौफनाक साजिश रच डाली। आरोप है कि उसने महिला की चार साल की बेटी का अपहरण कर लिया और बच्ची को माध्यम बनाकर महिला पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। बेटी के अचानक गायब होने से महिला के होश उड़ गए और उसने तत्काल पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और कई स्थानों पर दबिश दी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी कटरा तिराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर जाकिर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार वर्षीय बच्ची को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। बेटी को सुरक्षित देखकर महिला की आंखों से राहत के आंसू छलक पड़े। घटना के खुलासे के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जाकिर को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।