बरेली। कोतवाली क्षेत्र में ठेले पर दाल खाने के दौरान बाइक पर रखा बैग चोरी होने की घटना का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी गया बैग, लैपटॉप और नकदी बरामद की गई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर स्थित हनुवन सिटी फेस-2 निवासी प्रमोद कुमार शर्मा ने बुधवार को कोतवाली थाने में दी तहरीर में बताया कि 12 जून को वह चौकी चौराहा स्थित चर्च के सामने लेखराज के ठेले पर दाल खाने गए थे। इस दौरान उन्होंने अपना बैग मोटरसाइकिल पर रखा था। दाल खाने के बाद लौटने पर बैग गायब मिला। बैग में लैपटॉप, पर्स और नकदी रखी हुई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी से खुला चोरी का राज
घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और चेकिंग अभियान की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में संजय नगर गुसाई गोटिया निवासी बाबूराम, चक महमूद काकड़ टोला निवासी सगे भाई करीम और मोहम्मद रहीस शामिल हैं।
घर का खर्च चलाने का करते थे चोरी
पूछताछ में बाबूराम ने बताया कि वह अपने खर्च पूरे करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और सामान बेच देता था। वहीं करीम और रहीस ने कबूल किया कि वे कबाड़ी का काम करते हैं तथा चोरी का सामान कम कीमत पर खरीदकर आगे बेच देते थे।
कोर्ट ने आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित बैग और 1,690 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की है। कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।