bareillyपुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी

बरेली। शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बारादरी पुलिस ने दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रेलवे ग्राउंड क्षेत्र में चरस की सप्लाई करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। आरोपियों के पास से 441 ग्राम चरस, तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है।

बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजियापुर निवासी 19 वर्षीय अशफाक और जोगी नवादा निवासी 26 वर्षीय दानिश के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद स्कूटी का इस्तेमाल नशे की खेप पहुंचाने में किया जा रहा था।

पुड़िया बनाकर राह चलते लोगों को बेचते थे चरस

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और चरस की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर राह चलते लोगों को बेचते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि इसी अवैध कारोबार से मिलने वाले पैसों से वे अपने शौक और खर्च पूरे करते थे। अधिक कमाई के लालच में वे लगातार इस धंधे से जुड़े हुए थे।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा, भेजे जाएंगे जेल

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर समेत चौकी प्रभारी श्यामगंज उपनिरीक्षक अखिलेश उपाध्याय समेत पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *