bareillyराज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार

बरेली। पीलीभीत में आठ वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार का गुस्सा बुधवार को खुलकर सामने आया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि ऐसी सजा दिलाई जाएगी जिसे उसकी सात पुश्तें याद रखेंगी। मंत्री ने घटना को अमानवीय, शर्मनाक और समाज को झकझोर देने वाला अपराध बताया।

प्रेस वार्ता के दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में दूसरे समुदाय के एक बुजुर्ग ने मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बनाया। मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई। उन्होंने कहा कि बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।

पीड़ित परिवार से मिले, न्याय का भरोसा दिया

राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार घटना के बाद पीड़ित बच्ची के गांव भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। मंत्री ने परिवार को सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है।

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

घटना को लेकर मंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष को ऐसे मामलों में राजनीति करने के बजाय समाज को जागरूक करने की दिशा में काम करना चाहिए। मंत्री ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाओं पर विपक्ष की चुप्पी सवाल खड़े करती है।

चाइनीज मांझे पर कार्रवाई की सराहना, विवादित बयान भी दिया

बरेली पुलिस द्वारा अवैध चाइनीज मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए राज्यमंत्री ने विवादित टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में विशेष लोगों की भूमिका सामने आती है और ऐसे लोगों पर सख्ती जरूरी है। मंत्री के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *