बरेली। जिले में बिजली चोरी और बढ़ते लाइनलॉस पर लगाम कसने के लिए बिजली विभाग ने जिलेभर में सघन मॉर्निंग रेड और कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान 52 बिजली चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, 367 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए और मौके पर ही करीब 91 लाख रुपये की वसूली की गई।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश के निर्देश पर सुबह तड़के शुरू हुए अभियान में शहर से लेकर गांव तक बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर कटिया डालकर बिजली चोरी करने वालों को पकड़ा। कई स्थानों पर साक्ष्य जुटाने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। मुख्य अभियंता ने बताया कि जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों और लाइनों पर बढ़ते भार को कम करने तथा लाइनलॉस नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। शहरी क्षेत्रों में एचआर वर्टिकल, कॉमर्शियल प्रथम व द्वितीय वर्टिकल और विजिलेंस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में एसडीओ और एक्सईएन के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें मैदान में उतरीं।
आठ टीमों ने एक साथ संभाला मोर्चा
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिलेभर में कुल आठ टीमों को लगाया गया था। ग्रामीण क्षेत्रों के चारों एक्सईएन, एसडीओ और जेई को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वहीं शहरी इलाकों में कॉमर्शियल और विजिलेंस टीमों ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया। मॉर्निंग रेड का मकसद ऐसे उपभोक्ताओं को पकड़ना था, जो सुबह के समय अधिक बिजली खपत करते हुए चोरी से बिजली का उपयोग करते हैं।
बाकरगंज बना बिजली चोरी का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट
किला उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले बाकरगंज क्षेत्र में सबसे अधिक बिजली चोरी पकड़ी गई। यहां 125 घरों की जांच के दौरान छह घरों में सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी करते लोग पकड़े गए। सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके अलावा बानखाना, सतीपुर, जगतपुर और आसपास के इलाकों में भी कई मामलों का खुलासा हुआ।
आंवला और बहेड़ी में भी चला बिजली विभाग का डंडा
ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्रवाई का व्यापक असर देखने को मिला। आंवला और बहेड़ी क्षेत्र में 23 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। वहीं 51 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए और 16 उपभोक्ताओं का बिजली लोड बढ़ाया गया। जांच के दौरान कई स्थानों पर बिना मीटर और अवैध कनेक्शन से बिजली का इस्तेमाल करते लोग मिले।
बिजली चोरी नहीं रुकी तो कार्रवाई होगी और सख्त
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए बिजली चोरी रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन लेने, समय पर बिल जमा करने और जरूरत पड़ने पर बिजली लोड बढ़वाने की अपील की गई।