बरेली। सरकारी स्कूलों और पंचायत घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गैंगस्टर एक्ट के फरार आरोपी को शीशगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर प्राथमिक विद्यालयों और पंचायत घरों से स्मार्ट टीवी, बर्तन तथा ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर बेचता था और उससे अवैध कमाई करता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
थाना शीशगढ़ में 12 जून को मुसीर पुत्र सगीर निवासी बिलासपुर अड्डा और मुकीम पुत्र वकील निवासी तिगड़ी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने संगठित गिरोह बना रखा था, जो क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों और पंचायत घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गैंगचार्ट के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस को पता चला कि आरोपी सरकारी संस्थानों में रखे स्मार्ट टीवी, बर्तन और ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर उन्हें बाजार में बेच देते थे। चोरी के इस कारोबार से दोनों आरोपी लगातार आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, बरेली अड्डे से गिरफ्तारी
रविवार को थाना शीशगढ़ पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी मुसीर कस्बा शीशगढ़ के बरेली अड्डे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुसीर के खिलाफ थाना शीशगढ़ में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी समेत अन्य गंभीर धाराओं में तीन मुकदमे पहले से पंजीकृत हैं। हाल ही में उस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की गई थी।
साथी की तलाश में दबिश जारी
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया। वहीं उसके फरार साथी मुकीम की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल तरुण कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।