up news

बरेली। समाजवादी पार्टी ने सरकारी नौकरियों में आरक्षण व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश की विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी कर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के युवाओं के अधिकारों का हनन किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना और सामाजिक न्याय की व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने वंचित और पिछड़े वर्गों को समान अवसर दिलाने के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू कराई थी, लेकिन वर्तमान सरकार लगातार संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी कर रही है। इसका सीधा असर गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के उन युवाओं पर पड़ रहा है, जो वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सरकारी नौकरी का सपना देखते हैं।

दो करोड़ रोजगार का वादा निकला जुमला

सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर युवाओं को रोजगार देने के वादे से पीछे हटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का दावा किया गया था, लेकिन हकीकत में अधिकांश भर्ती प्रक्रियाएं पेपर लीक, परीक्षा निरस्तीकरण और अनियमितताओं की भेंट चढ़ती रहीं। इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और उनमें निराशा का माहौल पैदा हुआ। प्रेसवार्ता के दौरान सपा नेताओं ने वर्ष 2019 से 2026 तक की 22 प्रमुख सरकारी भर्तियों का विवरण जारी किया। पार्टी का दावा है कि आरक्षण नियमों के अनुसार पीडीए वर्ग को जितने पद मिलने चाहिए थे, उतने पद नहीं दिए गए। सपा के मुताबिक 69 हजार शिक्षक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी, कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक, लेखपाल, कृषि प्राविधिक सहायक, चिकित्सा अधिकारी समेत कई भर्तियों में कुल 4,261 पद पीडीए वर्ग के हिस्से से कम दिए गए। सपा नेताओं ने कहा कि यदि इन भर्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो आरक्षण नियमों के व्यापक उल्लंघन के तथ्य सामने आ सकते हैं। पार्टी ने सभी विवादित भर्तियों की समीक्षा कर आरक्षण व्यवस्था का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

सरकार नहीं चेती तो होगा आंदोलन

सपा नेताओं ने साफ कहा कि यदि सरकार इस मुद्दे पर जवाब नहीं देती और आरक्षण नियमों के पालन को लेकर ठोस कदम नहीं उठाती तो पार्टी प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करेगी। साथ ही पीडीए समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक आंदोलन भी चलाया जाएगा। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी और इस मुद्दे को गांव-गांव तथा जनता के बीच लेकर जाएगी। प्रेसवार्ता में सांसद नीरज मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुलतानी, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, पूर्व मंत्री अताउर रहमान, विधायक शाहजिल इस्लाम, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार तथा पार्षद नेता राजेश अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और आरक्षण व्यवस्था पर जवाब मांगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *