up newsआरोपी सिपाही

बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी करप्शन बरेली की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहजहांपुर जिले के जैतीपुर थाने में तैनात एक सिपाही को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने गुरुवार को थाना जैतीपुर स्थित होमगार्ड रूम में दबिश देकर सिपाही विवेक कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम शिवनगर धूसरी, थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी वर्तमान में थाना जैतीपुर में तैनात था। टीम ने उसे दोपहर 12:57 बजे 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

विवेचना निस्तारण के नाम पर मांगे रुपये

शिकायतकर्ता सुधांशु कुमार शर्मा निवासी बरेली ने एंटी करप्शन से शिकायत की थी कि उसके खिलाफ दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के निस्तारण के नाम पर 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। आरोप था कि यह रकम विवेचक के नाम पर सिपाही विवेक कुमार द्वारा मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप टीम प्रभारी प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में जाल बिछाया गया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया और जैसे ही आरोपी ने रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में थाना गढ़िया रंगीन, शाहजहांपुर में विधिक कार्रवाई की जा रही है। टीम प्रभारी प्रवीण सान्याल ने कहा कि शासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तत्काल भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *