बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के दोस्त समेत तीन लोगों पर तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई न होने के बाद मामला एसएसपी तक पहुंचा। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति मजदूरी के सिलसिले में उत्तराखंड के हल्द्वानी में रहता है। पति की हसनैन नामक युवक से अच्छी मित्रता थी, जिसके चलते उसका घर पर भी आना-जाना था। महिला का आरोप है कि तीन जून की रात करीब दो बजे हसनैन अपने साथी कमल हसन और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ उसके घर पहुंचा। तीनों ने पहले उसके पति के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान जब वह पानी लेने के लिए कमरे में गई तो हसनैन उसके पीछे कमरे में घुस आया और जबरन दुष्कर्म किया।
तमंचा तानकर बनाया बंधक, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता के मुताबिक वारदात के दौरान कमल हसन ने उसका मुंह दबाए रखा, जबकि तीसरा आरोपी तमंचा ताने खड़ा रहा। महिला का आरोप है कि इसके बाद कमल हसन ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने नहीं सुनी तो एसएसपी से लगाई गुहार
घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने हसनैन, कमल हसन और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। बहेड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।