शाहजहांपुर। खुटार क्षेत्र के एक गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बच्ची के पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और एक वर्षीय बेटी मौजूद थीं। इसी दौरान गांव निवासी गुड्डू घर पहुंचा और बच्ची को उठाकर कमरे में ले गया। कुछ देर बाद बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां कमरे में पहुंची तो आरोपी को बच्ची के साथ आपत्तिजनक हरकत करते देख उसके होश उड़ गए।
मां ने डंडा उठाया तो भाग निकला आरोपी
बेटी की हालत देखकर मां ने साहस दिखाते हुए आरोपी पर डंडे से हमला कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने बच्ची की बुआ को जानकारी दी, जो दूसरे शहर में रहती हैं। बुआ ने तत्काल यूपी-112 पर सूचना देकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। सीओ प्रवीण मलिक ने भी गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और बच्ची की मां के बयान दर्ज किए।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, घर में घुसकर अपराध करने, चोट पहुंचाने और दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खुटार-मैलानी रोड पर प्रसादपुर गांव के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस पर झोंकी गोली, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
खुद को घिरा देखकर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली पुलिस वाहन के सामने के शीशे में जा लगी। हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल आरोपी को पुलिस ने पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।