बरेली। देवरनिया थाना क्षेत्र के गांव कठर्रा में एक युवक की मौत के बाद बवाल खड़ा हो गया। परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन को हालात संभालने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार गांव का एक युवक एक युवती को अपने साथ ले गया था। इस मामले में देवरनिया थाने में मुकदमा दर्ज है। परिजनों का आरोप है कि सोमवार सुबह पुलिस आरोपी युवक के चाचा फुरकान (45) पुत्र सुबहान मियां को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। फुरकान मधुमेह (शुगर) के मरीज बताए जा रहे हैं।

0

परिजनों का आरोप- थाने में पिटाई से गई जान

परिवार का कहना है कि थाने में फुरकान के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। आरोप है कि तबीयत खराब होने पर पुलिस उन्हें घर छोड़ गई, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। फुरकान की मौत के बाद शाम को परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शव लेकर देवरनिया थाने पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देखते ही देखते थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस बुलाई गई

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए देवरनिया पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद बहेड़ी, शीशगढ़, शेरगढ़, शाही और भोजीपुरा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार और एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठी फटकारकर लोगों को पीछे हटाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। देर रात तक थाने के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी हालात पर नजर बनाए रहे।

0

सीओ के बयान की भी चर्चा

हंगामे के दौरान ग्रामीणों से बातचीत करते हुए सीओ बहेड़ी का एक बयान भी चर्चा में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने कहा कि, “जानते नहीं हो भाजपा की सरकार है, कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।” इस बयान को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक को थाने लाया ही नहीं गया था। पुलिस ने हिरासत में मारपीट और मौत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *