बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र की घनी आबादी वाले कुतुबशाह की जियारत इलाके में सोमवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक मकान की छत पर बने कबूतरखाने में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे दड़बे को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें बंद कई दर्जन कबूतर जिंदा जल गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
जियारत के पास रहने वाले उवैश के मकान की ऊपरी मंजिल पर कबूतरों के लिए दड़बा बनाया गया था। सोमवार सुबह अचानक उसमें आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही देर में पूरा कबूतरखाना धू-धू कर जलने लगा। अंदर फंसे कबूतर बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके और कई पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई। आग लगते ही आसपास के लोगों ने बाल्टियों और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। मकान मालिक और मोहल्ले के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास के मकानों तक भी आग फैल सकती थी।
गली संकरी होने से दमकल को नहीं दी सूचना
घटना तंग और घनी आबादी वाली गली में होने के कारण स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना नहीं दी। आग बुझने के बाद बारादरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हालात का जायजा लिया। आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग के एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि विभाग को घटना की कोई सूचना नहीं मिली थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।