latest newsगाड़ी के बोनट पर लटकी महिला

बरेली। भमोरा क्षेत्र में शनिवार शाम एक ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जिसने राह चलते लोगों को भी हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में एक महिला चलती कार के बोनट पर लटकी दिखाई दे रही है, जबकि कार चालक तेजी से वाहन दौड़ाता नजर आ रहा है। जांच में सामने आया कि मामला पति, पत्नी और प्रेमिका के बीच विवाद का है।

स्पीड ब्रेकर पर बोनट पर चढ़ी, पति ने बढ़ा दी रफ्तार

महिला अपने बच्चे के साथ देवचरा चौराहे पर खड़ी थी। इसी दौरान उसका पति कार में अपनी कथित प्रेमिका को बैठाकर वहां से गुजर रहा था। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। वह शोर मचाते हुए कार के पीछे दौड़ने लगी और वाहन रुकवाने का प्रयास करने लगी। स्थानीय लोगों के अनुसार फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर आने पर कार की गति धीमी हुई तो महिला सीधे कार के बोनट पर चढ़ गई। आरोप है कि इसके बावजूद पति ने कार नहीं रोकी और बोनट पर लटकी पत्नी को लेकर ही वाहन दौड़ा दिया। सड़क पर यह खतरनाक नजारा देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

बाइक सवारों ने किया पीछा, कार रुकवाकर पीटा

चलती कार पर महिला को लटका देख कुछ युवकों ने बाइक से कार का पीछा शुरू कर दिया। करीब 200 मीटर आगे देवचरा-बल्लिया रोड पर कार को घेरकर रुकवा लिया गया। इसके बाद लोगों ने चालक को कार से बाहर निकाल लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार हंगामे के दौरान पति किसी तरह अपनी प्रेमिका के साथ वहां से फरार हो गया। घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *