बरेली। आईजीआरएस की जुलाई माह की रैंकिंग में बरेली रेंज ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर अपनी कार्यशैली का दम दिखा दिया। शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दम पर बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के 85 थानों ने संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि अकेले बरेली जिले के 28 थाने अव्वल रहे, जबकि सिर्फ एक थाना ही शीर्ष स्थान की सूची से बाहर रहा।
बरेली रेंज डीआईजी अजय कुमार साहनी की लगातार मॉनिटरिंग और शिकायतों की नियमित समीक्षा का असर जुलाई की आईजीआरएस रैंकिंग में साफ दिखाई दिया। बरेली रेंज के चारों जिलों ने जन शिकायतों के निस्तारण में ऐसा प्रदर्शन किया कि प्रदेश में पहला स्थान अपने नाम कर लिया।
बरेली के 28 थानों का शानदार प्रदर्शन
बरेली जिले के अलीगंज, महिला थाना, सुभाषनगर, फतेहगंज पश्चिमी, किला, शेरगढ़, सीबीगंज, बिशारतगंज, शाही, बारादरी, इज्जतनगर, देवरनियां, क्योलड़िया, भुता, हाफिजगंज, भोजीपुरा, बहेड़ी, मीरगंज, नवाबगंज, आंवला, भमोरा, शीशगढ़, प्रेमनगर, कोतवाली, सिरौली, बिथरी चैनपुर, फरीदपुर और कैंट थाना प्रथम स्थान पर रहे। जिले का केवल एक थाना ही इस सूची में जगह नहीं बना सका।
बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर ने भी कायम रखा दबदबा
बदायूं के 20 थानों, पीलीभीत के 16 थानों और शाहजहांपुर के 21 थानों ने भी आईजीआरएस निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। चारों जिलों के कुल 85 थानों का यह प्रदर्शन प्रदेश में सबसे बेहतर माना गया।
बेहतर काम करने वाली टीम होगी सम्मानित
आईजीआरएस शिकायतों के प्रभावी निस्तारण में अहम भूमिका निभाने वाले बरेली रेंज कार्यालय के उप निरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिन थानों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, उनकी समीक्षा कर सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।

