बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह तुलसीपुर स्थित सिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मां के चरणों में हाजिरी लगाने पहुंचे सीएम योगी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया।

मां की आरती उतारकर मांगा प्रदेशवासियों का कल्याण

शनिवार सुबह मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां की आरती उतारी और उत्तर प्रदेश के लोगों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएम ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

संतों और जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं और क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

गोशाला पहुंचकर की गोसेवा

मंदिर परिसर स्थित गोशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोमाता और गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और हरा चारा खिलाया। उन्होंने गोवंश को दुलारते हुए गोसेवा का संदेश दिया। मुख्यमंत्री का यह भावनात्मक दृश्य वहां मौजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

विकास कार्यक्रम के बाद मंदिर में किया था रात्रि विश्राम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बलरामपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया था। कार्यक्रमों के बाद उन्होंने मां पाटेश्वरी मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम भी किया। शनिवार सुबह दर्शन-पूजन और निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री गोंडा के लिए रवाना हो गए। दर्शन-पूजन के दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास, विधायक पलटूराम, कैलाश नारायण शुक्ल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *