up news आरोपी

बरेली। मनौना धाम में पत्नी के साथ मंदिर पहुंचे श्रद्धालु का मोबाइल और नकदी उस समय गायब हो गई, जब वह दुकान पर बैठकर विश्राम कर रहा था। घटना के बाद जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो चोर का चेहरा सामने आ गया। इसके बाद दुकानदारों और पीड़ित ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला आंवला थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मनौना धाम का है। रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के लाडपुर निवासी अजय सिंह अपनी पत्नी के साथ मनौना धाम दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद दोनों एक दुकान पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक मौका पाकर उनका ओप्पो ए-53 मोबाइल फोन और 640 रुपये नकद लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब अजय सिंह को चोरी का पता चला तो आसपास तलाश शुरू की गई। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर एक युवक संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर दुकानदारों और पीड़ित ने आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया और सीधे आंवला थाने ले आए।

पुलिस पूछताछ में उगल दिया राज

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान कन्थरी निवासी 28 वर्षीय सतेन्द्र पुत्र राजेन्द्र के रूप में हुई है। उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राघव ने आरोपी से पूछताछ की तो उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और 640 रुपये बरामद हो गए। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। ऐसे में पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है। श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही वाले मनौना धाम में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। वहीं सीसीटीवी की मदद से कुछ ही घंटों में आरोपी की गिरफ्तारी होने से पुलिस ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *