Social Sharing icon

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के धौरेरा माफी में महज एक हजार रुपये की मजदूरी का विवाद देखते ही देखते दो समुदायों के बीच टकराव में बदल गया। देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी गई तहरीर में राजा कश्यप ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने घर में गेट लगवाने का काम नफीस से कराया था। उनका कहना है कि मजदूरी के एक हजार रुपये उसी दिन चुका दिए गए थे। आरोप है कि सोमवार रात नफीस, तौफीक, रहीस खान, बबलू खान समेत कई लोग उनके घर पहुंचे और दोबारा मजदूरी मांगने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

मजदूरी मांगने पहुंचे तो घर में खींचकर पीटा

दूसरी ओर नफीस ने भी पुलिस को दी गई शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गेट लगाने की मजदूरी अभी बाकी थी और वह रुपये लेने राजा कश्यप के घर गए थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही राजा और उसके परिजनों ने उन्हें घर के अंदर खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पहुंचे उनके परिवार के लोगों को भी नहीं बख्शा गया। नफीस का आरोप है कि उनके पक्ष के लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे कई लोग चोटिल हुए। मारपीट के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों के बीच हंगामा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया और हालात पर काबू पाया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।

पांच हिरासत में, मेडिकल कराकर शुरू हुई जांच

इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed