दवामृतका का फाइल फोटो। साथ में मृतका की बेटियां।

बरेली बारादरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने घर में रखी कुत्तों के कीड़े मारने वाली जहरीली दवा पी ली। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई। घबराए परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि जिला अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

मृतका की बेटी सुमन ने बताया कि उनके पिता की पेट (डॉग) शॉप है और उसी दुकान की आमदनी से पूरे परिवार का खर्च चलता है। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसके पिता रोज की तरह घर से कुत्ता टहलाने निकले थे। घर में उस समय वह, उसकी छोटी बहन और भतीजा मौजूद थे।

  • इसी दौरान उसकी मां सरिता ने नहाने की बात कहकर आंगन में जाने की बात कही। कुछ देर बाद पता चला कि उन्होंने कुत्तों के कीड़े मारने वाली जहरीली दवा पी ली। देखते ही देखते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और घर में अफरा-तफरी मच गई।

बचाने की हर कोशिश रही नाकाम

परिजन बिना समय गंवाए सरिता को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने तत्काल परीक्षण किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मोर्चरी के बाहर परिजनों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं।

घटना की जानकारी देती मृतका की बेटी।

आखिर क्यों उठाया इतना बड़ा कदम? परिवार भी है हैरान

सरिता ने कीड़े मारने की दवा पीने का कदम क्यों उठाया, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी तरह के विवाद, तनाव या अन्य वजह की जानकारी नहीं है। घटना इतनी अचानक हुई कि पूरा परिवार सदमे में है। परिवार के लोग भी यह समझ नहीं पा रहे कि आखिर सरिता ने ऐसा क्यों किया।

पुलिस को नहीं घटना की जानकारी

कीड़े मारने की दवा पीकर महिला की मौत की घटना के काफी देर बाद तक बारादरी पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी। सूचना मिलने पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *