Social Sharing icon

बरेली। किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर में घरेलू कलह ने बुधवार को ऐसा दर्दनाक मोड़ ले लिया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बेटे और बहू की कथित प्रताड़ना से परेशान 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश कर ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि इलाके में भी मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस बीच बहू द्वारा महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है।

मकान को लेकर चल रहा था विवाद

जिला अस्पताल में मौजूद अनुपम रस्तोगी के पति राजीव रस्तोगी ने बताया कि परिवार में लंबे समय से मकान को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि छोटा बेटा और उसकी पत्नी मकान पर कब्जा करना चाहते थे। इसी बात को लेकर आए दिन घर में झगड़ा और तनाव बना रहता था। राजीव रस्तोगी का कहना है कि कई बार बेटे और बहू ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट भी की। मामले की शिकायत पहले भी किला थाने में की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस सख्ती दिखाती तो शायद यह नौबत नहीं आती।

बहू की पिटाई से आहत होकर उठाया कदम

बताया जा रहा है कि बुधवार को एक बार फिर घर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान बहू ने अनुपम रस्तोगी के साथ मारपीट कर दी। इससे वह मानसिक रूप से टूट गईं और गुस्से व आहत अवस्था में घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। उल्टियां और बेचैनी बढ़ने पर पति राजीव रस्तोगी और छोटी बेटी उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निगरानी में रखा है।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस हरकत में

घटना के बाद बहू द्वारा कथित पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है। किला थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जिला अस्पताल में अनुपम रस्तोगी का इलाज जारी है। वहीं घटना के बाद परिवार में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *