Social Sharing icon

बरेली। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शादीशुदा महिला द्वारा बातचीत बंद किए जाने से बौखलाए युवक ने शनिवार तड़के उसके घर में घुसकर एसिड अटैक कर दिया। तेजाब की चपेट में महिला, उसका पति और दो मासूम बच्चे भी आ गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।

गांव में चर्चा का विषय बनी वारदात

पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही रहने वाले उमेश कश्यप से उसकी बातचीत होती थी। दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क था, लेकिन कुछ दिनों पहले महिला ने उससे बात करना बंद कर दिया। आरोप है कि इसी बात से उमेश नाराज और बौखलाया हुआ था। गांव के लोगों के मुताबिक आरोपी लगातार महिला पर दोबारा बात करने का दबाव बना रहा था। महिला के मुताबिक शनिवार सुबह करीब चार बजे पूरा परिवार घर में सो रहा था। तभी आरोपी उमेश चुपके से घर में घुस आया। आरोप है कि उसके हाथ में एसिड से भरा डिब्बा था। परिवार कुछ समझ पाता उससे पहले उसने सो रहे लोगों पर तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। तेजाब की जलन से परिवार तड़प उठा और मदद के लिए शोर मचाने लगा।

पति गंभीर रूप से झुलसे

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था। घटना में महिला के पति सबसे ज्यादा झुलस गए हैं। उनके चेहरे और शरीर के कई हिस्से प्रभावित हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। महिला और दोनों बच्चों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही शेरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी उमेश कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग आरोपी की इस सनक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *