Social Sharing icon

Gorakhpur। प्यार, भरोसे और साथ निभाने की अनोखी मिसाल गोरखपुर में देखने को मिली, जहां शादी वाले दिन हादसे में घायल होकर आईसीयू पहुंची दुल्हन को दूल्हे ने छोड़ने के बजाय अस्पताल में ही शादी रचा ली। दूल्हा बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंचा और आईसीयू के बेड पर लेटी दुल्हन की मांग में सिंदूर भरकर उसे हमेशा के लिए अपना बना लिया।

बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महुआ गांव के सन्नी यादव से 13 मई को तय थी। शादी के दिन पूजा एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देकर अपने भाई के साथ बाइक से लौट रही थी। रास्ते में अचानक उसे चक्कर आया और वह बाइक से गिर गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसे तुरंत शहर के दाउदपुर स्थित आर्यन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया।

अस्पताल बना मंडप, ICU में हुई शादी

दुल्हन के घायल होने की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चिंता फैल गई, लेकिन शादी टालने के बजाय परिवारों ने अस्पताल में ही रस्में पूरी करने का फैसला किया। रात करीब एक बजे दूल्हा सन्नी यादव पूरी बारात के साथ अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों की निगरानी में आईसीयू के बेड पर लेटी पूजा यादव की मांग में सन्नी ने सिंदूर भरा। अस्पताल का कमरा कुछ देर के लिए मंडप में बदल गया। पंडित ने मंत्रोच्चार के बीच दोनों को सात वचन दिलाए और शादी संपन्न कराई। वहां मौजूद लोग इस भावुक पल को देखकर भावुक हो उठे।

संकट की घड़ी में निभाया साथ

दूल्हा सन्नी यादव ने बताया कि शादी सिर्फ खुशियों में साथ निभाने का नाम नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में भी एक-दूसरे के साथ खड़े रहने का रिश्ता है। अस्पताल में सिंदूरदान के बाद सन्नी अपने गांव लौट गया, जहां शादी की अन्य परंपराएं पूरी की गईं। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। लोग दूल्हे के इस फैसले को सच्चे प्यार और भरोसे की मिसाल बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *