Social Sharing icon

हरियाणा में निकाय चुनाव के बीच कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में संदिग्ध गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। शुगर मिल के पास खड़ी एक स्कोडा कार से हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसटीएफ, स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया।

STF की पूछताछ में खुला राज

पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले एसटीएफ ने तंगौर गांव निवासी सूर्यप्रताप को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पास दो हैंड ग्रेनेड थे। उसने एक ग्रेनेड अपने साथी को दे दिया, जबकि दूसरा शाहाबाद-लाडवा रोड स्थित अपनी वर्कशॉप में खड़ी स्कोडा कार में छिपाकर रखा था।

कार की तलाशी में मिला खतरनाक सामान

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जब कार की तलाशी ली गई तो अंदर से हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। शुरुआती जांच में इसे ‘मेड इन चाइना’ बताया जा रहा है। बरामदगी के बाद बम निरोधक दस्ते ने पूरे इलाके को खाली कराया और सुरक्षा मानकों के तहत ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की।

बड़ी साजिश की आशंका से एजेंसियां अलर्ट

पूछताछ में आरोपी ने किसी बड़ी वारदात की तैयारी की बात भी कबूल की है। हालांकि पुलिस ने अभी तक संभावित निशाने का खुलासा नहीं किया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी तक विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। शुरुआती जांच में गैंगस्टर नेटवर्क और फिरौती से जुड़े इनपुट भी सामने आए हैं।

सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी सतर्कता

निकाय चुनाव के दौरान इस तरह की बरामदगी के बाद हरियाणा की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपी के संपर्कों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते बरामदगी होने से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *