Police investigation in Agra market after murder incident.आगरा में बीच बाजार युवक की पीट-पीटकर हत्या।
Social Sharing icon

आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र में रविवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीच बाजार एक युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। 27 वर्षीय हर्ष जैन को आरोपी देवा माहौर ने सरेआम सड़क पर घसीटकर इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई। लोगों के सामने युवक तड़पता रहा, लेकिन दहशत ऐसी थी कि कोई बचाने तक नहीं पहुंचा। कई दुकानदारों ने डर के चलते अपने शटर तक गिरा लिए।

दोस्ती की रंजिश बनी मौत की वजह

बताया जा रहा है कि हर्ष जैन का विवाद सीधे तौर पर नहीं था, बल्कि उसके दोस्त और आरोपी के भाई विशाल के बीच पहले कहासुनी हुई थी। रविवार रात हर्ष को फोन आया और वह घर से निकल गया। धूलियागंज इलाके में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि देवा माहौर अपने साथियों के साथ बुलेट बाइक पर पहुंचा और हर्ष पर टूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने पहले हर्ष के चेहरे पर लगातार मुक्के बरसाए। जब वह बेसुध होकर गिरने लगा तो उसे सड़क पर पटक-पटककर पीटा गया। खून से लथपथ हर्ष को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV में कैद हुई वारदात

पुलिस ने आरोपी देवा माहौर को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

शव रखकर परिजनों का हंगामा

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही हर्ष का शव घर पहुंचा, इलाके में भारी भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के एनकाउंटर और फांसी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कई घंटे तक पुलिस और परिजनों के बीच बहस होती रही। बाद में पुलिस ने समझाकर अंतिम संस्कार कराया।

तीन साल पहले की थी लव मैरिज

हर्ष जैन चांदी कारीगर था और परिवार का इकलौता बेटा था। तीन साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। उसका एक छोटा बेटा भी है। घटना के समय उसकी मां दिल्ली गई हुई थीं। Mother’s Day पर बेटे की तस्वीर सोशल मीडिया पर देखने वाली मां को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटे बाद बेटे की मौत की खबर मिलेगी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *